उत्तर प्रदेश के कानपुर में तेज रफ्तार थार की चपेट में आने से 55 साल के एक शख्स की मौत हो गई। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, थार से एक महिला ड्राइविंग सीख रही थी। थार चला रही महिला के साथ गाड़ी में एक अन्य महिला और युवक भी थे। चश्मदीदों के अनुसार, गाड़ी ने स्कूटी को टक्कर मारी और करीब 20 मीटर तक घसीटते हुए ले गई। इस हादसे में बुजुर्ग का सिर कुचल गया और उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस हादसे में तीन अन्य लोग भी घायल हुए हैं।
बताया जा रहा है कि टक्कर इतनी जोरदार थी कि थार अनियंत्रित होकर एक रिहायशी मकान की बाउंड्री तोड़ते हुए बगीचे में जा घुसी। यह दर्दनाक हादसा कानपुर के कल्याणपुर इलाके के आवास विकास-3 (गायत्री पैलेस के पास) में हुआ है। पुलिस अब इस मामले की जांच में जुट गई है।
यह भी पढ़ें: 'मैंने तो ऐसा नहीं पढ़ा', साई पल्लवी के युद्ध वाले सीन पर बोलीं दीपिका चिखलिया
घर से 500 मीटर दूर हादसे में गई जान
मृतक की पहचान संतोष सिंह चौहान के रूप में हुई है, बेटे राहुल चौहान ने मौके पर पहुंचकर पिता के शव की पहचान की है। पिता का शव देखकर राहुल बदहवास हो गया और फूट-फूटकर रोने लगा। राहुल ने बताया की घटना वाली रात करीब 7:30 बजे पिता स्कूटी लेकर घर से निकले थे, वह पत्नी की साड़ी लेकर कहीं जा रहे थे। घर से निकलते समय उन्होंने जल्द लौटने की बात कही थी, कुछ ही देर बाद सड़क हादसे में उनकी मौत की खबर आ गई।
पुलिस ने क्या बताया?
इस हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने थार की नंबर प्लेट के आधार पर गाड़ी के मालिक की जानकारी जुटाई है। पुलिस पता लगाने में जुटी है कि हादसे के समय थार कौन चला रहा था और उसमें कौन-कौन सवार थे। इसके लिए पुलिस घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।
