उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) की एंटी करप्शन टीम ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। बिहार में तैनात रजिस्ट्रार ऑफ कंपनीज (आरओसी) एवं ऑफिशियल लिक्विडेटर रमेश कुमार को तीन लाख रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया है। आरोप है कि अधिकारी ने एक कंपनी को मिले स्क्रैप उठाने के टेंडर का काम आगे बढ़ाने के बदले 10 लाख रुपये की रिश्वत मांगी थी। रकम नहीं देने पर टेंडर निरस्त कर किसी दूसरी कंपनी को देने की धमकी भी दी गई थी। कंपनी संचालक की शिकायत पर सीबीआई ने जाल बिछाया और मंगलवार देर शाम वृंदावन कॉलोनी स्थित आवास पर कार्रवाई कर अधिकारी को दबोच लिया।
जानकारी के मुताबिक, लखनऊ के निशातगंज इलाके में रहने वाले अंकुर शर्मा की पत्नी के नाम पर 'रिद्धि सिद्धि' नाम से कंपनी संचालित है। कंपनी को पिछले साल दिसंबर में बिहार के डालमियानगर स्थित रोहतास शुगर मिल की फैक्ट्री से स्क्रैप यानी कबाड़ उठाने का टेंडर मिला था। टेंडर मिलने के बाद कंपनी ने फैक्ट्री से कुछ स्क्रैप उठाया भी था, लेकिन आरोप है कि बिहार में ऑफिशियल लिक्विडेटर की जिम्मेदारी संभाल रहे रमेश कुमार ने काम में अड़ंगा डाल दिया। इसके चलते स्क्रैप उठाने का काम बीच में ही रुक गया और कंपनी का काम अधूरा रह गया।
10 लाख रुपये मांगे, टेंडर रद्द करने की धमकी
शिकायतकर्ता अंकुर शर्मा के अनुसार, करीब एक सप्ताह पहले रमेश कुमार ने लखनऊ में उनसे मुलाकात की थी। इस दौरान रुके हुए स्क्रैप को उठवाने और काम आगे बढ़ाने के बदले 10 लाख रुपये की रिश्वत मांगी गई। आरोप है कि अधिकारी ने साफ तौर पर कहा था कि यदि 10 लाख रुपये नहीं दिए गए तो कंपनी का टेंडर निरस्त कर किसी दूसरी कंपनी को आवंटित कर दिया जाएगा।अधिकारी की कथित मांग और धमकी से परेशान होकर अंकुर शर्मा ने सीबीआई की लखनऊ शाखा में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलने के बाद सीबीआई की एंटी करप्शन ब्रांच ने पहले आरोपों का सत्यापन किया। इसके बाद अधिकारी को रिश्वत लेते पकड़ने के लिए जाल बिछाया गया।
यह भी पढ़ें: बैंक में मदद का झांसा, असली नोट लेकर थमाते थे कागज; मुठभेड़ में 3 गिरफ्तार
वृंदावन कॉलोनी में तीन लाख लेते दबोचा
मंगलवार देर शाम सीबीआई की टीम ने लखनऊ के वृंदावन कॉलोनी स्थित रमेश कुमार के आवास पर कार्रवाई की। यहां अधिकारी को रिश्वत की पहली किस्त के रूप में तीन लाख रुपये लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया गया। बताया जा रहा है कि सीबीआई की टीम ने शिकायतकर्ता की ओर से दी गई शिकायत के आधार पर पूरी कार्रवाई को अंजाम दिया।
गिरफ्तारी के बाद सीबीआई की अलग-अलग टीमों ने रमेश कुमार के लखनऊ और रायबरेली स्थित ठिकानों पर छापेमारी की। तलाशी के दौरान कई संदिग्ध और आपत्तिजनक दस्तावेजों के साथ नकदी बरामद होने की जानकारी सामने आई है। हालांकि, बरामद नकदी की कुल रकम का विस्तृत ब्योरा सामने नहीं आया है। सीबीआई टीम दस्तावेजों और अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें: UP के सिंचाई विभाग में 168 करोड़ का घोटाला, फर्जी खातों में पहुंचाई रकम
सीबीआई की विशेष अदालत में पेशी
गिरफ्तार अधिकारी रमेश कुमार को बुधवार को लखनऊ की सीबीआई विशेष अदालत में पेश किए जाने की जानकारी दी गई है। सीबीआई अब रिश्वत मांगने, टेंडर के काम में कथित तौर पर बाधा डालने और बरामद दस्तावेजों से जुड़े पहलुओं की जांच कर रही है। बिहार में तैनात अधिकारी की लखनऊ में हुई इस गिरफ्तारी से सरकारी महकमों में भी मामला चर्चा में है।
