लखनऊ-कानपुर ग्रीनफील्ड एलिवेटेड एक्सप्रेसवे उद्घाटन के सिर्फ 12 दिन बाद ही चर्चा में आ गया है। दरअसल, सोशल मीडिया पर समाजवादी पार्टी के नेता मधुसूदन यादव ने एक वीडियो शेयर करते हुए एक्सप्रेस-वे की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल उठाए हैं। बारिश के चलते एक्सप्रेस-वे का एक हिस्सा धंस गया है। यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि सूचना मिलने के बाद निर्माण एजेंसी तत्काल मरम्मत कार्य शुरू कर सड़क को दुरुस्त करा रही है। 

 

बता दें कि लखनऊ-कानपुर ग्रीनफील्ड एलिवेटेड एक्सप्रेसवे का उद्घाटन 13 जुलाई 2026 को हुआ था। यह लखनऊ और कानपुर को जोड़ता है, जिससे दोनों शहरों के बीच सफर पहले के मुकाबले काफी आसान और तेज हो गया है। 

लगातार हो रही बारिश से धंसी सड़क

मामला उन्नाव जिले के कोरारी क्षेत्र के पास का बताया जा रहा है, जहां कानपुर से लखनऊ की ओर जाने वाले हिस्से में करीब 5 से 7 मीटर सड़क धंस गई। लोगों का कहना है कि लगातार हो रही बारिश के कारण सड़क के नीचे की मिट्टी खिसकने से यह हिस्सा क्षतिग्रस्त हुआ। लोगों का यह भी कहना है कि भारी बारिश की पहली परीक्षा में ही अगर सड़क क्षतिग्रस्त हो जाती है, तो इसकी मजबूती, लंबे समय तक उपयोग और सेफ्टी की ठीक से जांच होनी चाहिए।

कांग्रेस ने भी शेयर किया वीडियो

इस वीडियो को कांग्रेस ने भी इसे अपने आधिकारिक X अकाउंट से शेयर किया है। पोस्ट में कांग्रेस ने दावा किया कि 13 जुलाई को एक्सप्रेसवे का उद्घाटन हुआ और 26 जुलाई को सड़क धंस गई। पार्टी ने सड़क निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए BJP सरकार पर भ्रष्टाचार और घटिया निर्माण सामग्री इस्तेमाल करने का आरोप लगाया है। 

मरम्मत का काम शुरू 

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सड़क धंसने की जानकारी मिलते ही निर्माण एजेंसी ने तुरंत मरम्मत का काम शुरू करने का दावा किया। अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंचे और क्षतिग्रस्त हिस्से को ठीक करना शुरू कर दिया। बताया जा रहा है कि सड़क को जल्द ठीक करने का काम शुरू किया गया, ताकि यातायात सुचारु रहे और किसी तरह की दुर्घटना न हो। 

 

सड़क क्यों धंसी, इसे लेकर अभी तक कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है। 13 जुलाई 2026 को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ , रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने इस एक्सप्रेसवे का उद्घाटन किया था।