मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में ऑटो चालकों ने अनोखा विरोध प्रदर्शन किया। इसकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं। ऑटो चालक फटी हुई चड्ढियां हाथ में लेकर सड़कों पर उतर आए और सरकार से ऑटो किराया बढ़ाने की मांग की। उनका कहना है कि बढ़ते खर्च और स्थिर किराए के कारण परिवार चलाना मुश्किल होता जा रहा है। प्रदर्शनकारियों ने प्रतीक के रूप में चड्ढी दिखाते हुए कहा कि किस्त भरते-भरते चड्ढी फट गई है।

 

रायसेन रोड स्थित नवीन छावनी पठार के शनि मंदिर के पास हुए इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में ऑटो चालकों ने हिस्सा लिया। यह प्रदर्शन ऑटो एसोसिएशन के अध्यक्ष गोल्डन संजू अहिरवार के नेतृत्व में आयोजित हुआ। इस प्रदर्शन ने राहगीरों और स्थानीय लोगों का ध्यान अपनी ओर खींचा। प्रदर्शन पूरी तरह शांतिपूर्ण रहा लेकिन इसका संदेश काफी प्रभावशाली था।

 

यह भी पढ़ें: पार्सल से भेजा सामान खो गया, अब डाक विभाग पर लग गया 1.2 लाख का जुर्माना

ऑटो चालक फटी चड्डी लेकर सड़क पर क्यों उतरे?

प्रदर्शन के दौरान चालकों ने फटी हुई चड्ढियां दिखाकर अपनी खराब आर्थिक स्थिति को उजागर किया। उनका कहना था कि ऑटो की मासिक किस्त, ईंधन का खर्च, वाहन की मरम्मत और घर-परिवार की जिम्मेदारियां निभाने के बाद उनके पास बचत के लिए कुछ नहीं बचता। ऑटो चालकों ने कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई ने उनकी कमर तोड़ दी है। कई चालकों का कहना था कि किस्त भरते-भरते चड्ढी तक फट गई है, इसलिए उन्होंने इसी प्रतीक के जरिए अपनी परेशानी सरकार तक पहुंचाने का प्रयास किया।

 

ऑटो एसोसिएशन के अध्यक्ष गोल्डन संजू अहिरवार ने कहा कि पेट्रोल, डीजल और CNG की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है लेकिन ऑटो किराए में लंबे समय से कोई संशोधन नहीं किया गया है। इससे हजारों ऑटो चालकों की आय प्रभावित हो रही है। उन्होंने सरकार से मांग की कि मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए किराए की दरों की समीक्षा की जाए। ताकि चालक समय पर अपने वाहन की किस्त चुका सकें और परिवार का बेहतर तरीके से पालन-पोषण कर सकें।

 

यह भी पढ़ें: राशन की दुकान पर चेकिंग के दौरान प्रधान के बेटे से हुई बहस, SDM का सिर फूटा

ऑटो चालकों ने भी रखी अपनी मांग

प्रदर्शन में शामिल ऑटो चालकों का कहना था कि महंगाई की मार सबसे ज्यादा गरीब और मेहनत-मजदूरी करके घर चलाने वाले लोगों पर पड़ रही है। उनका कहना है कि दिनभर की कमाई का बड़ा हिस्सा पेट्रोल, डीजल, CNG और दूसरे जरूरी खर्चों में ही निकल जाता है।

 

ऑटो चालकों ने सरकार और प्रशासन से उनकी परेशानियों को गंभीरता से समझने और जल्द समाधान निकालने की मांग की। उनका कहना है कि अगर ऑटो किराए में बढ़ोतरी की जाती है, तो इससे हजारों चालक परिवारों को काफी राहत मिलेगी और उनके घर का बजट कुछ हद तक संभल सकेगा।