उत्तर प्रदेश के मथुरा से एक चौंका देना वाला मामला सामने आया है। यहां एक ग्रामीण अभियंत्रण विभाग में तैनात जूनियर इंजीनियर (JE) विक्रांत भारती को एक कार चालक ने कथित तौर पर गाड़ी से टक्कर मारी और जान से मारने की नीयत से करीब 10 मीटर तक घसीटता रहा। इस घटना से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में कार चालक JE को कई मीटर तक घसीटता नजर आ रहा है। आरोपी की गाड़ी पर भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) का झंडा लगा हुआ था और बाद में पता चला कि वह बीजेपी नेता का बेटा है।

 

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, गौतमबुद्धनगर के रहने वाले विक्रांत भारती ग्रामीण अभियंत्रण विभाग, मथुरा में JE हैं। वह करीब 5 साल से मथुरा में तैनात हैं। घटना मथुरा के मसानी तिराहे की बताई जा रही है।   

 

यह भी पढ़ें: 'मशीन बनाने का बजट नहीं था तो खुद से की सफाई', बिट्टू तबाही ने बताई एक-एक बात

क्या है पूरा मामला? 

विक्रांत भारती के पिता ने बताया कि 31 अगस्त को विक्रांत अपनी कार से वृंदावन से मथुरा आ रहे थे। मसानी तिराहे के पास जाम के वजह से उसने विक्रांत ने अपनी कार रोक दी थी, तभी एक तेज रफ्तार कार ने विक्रांत के गाड़ी में टक्कर मार दी। टक्कर मारने वाली कार आगरा नंबर की थी, जिसमें भारतीय जनता पार्टी (BJP) का झंडा लगा था।

विक्रांत के पिता ने बताया कि टक्कर से उनके बेटे को काफी चोट आई। वह कार से उतरकर ड्राइवर से विरोध जताने लगे। जब बेटे ने पूछा टक्कर क्यों मारी? तो इसपर कार चालक ने कहा, 'अभी तो तू बच गया। रुक मैं अभी तुझे जान से मारता हूं।' इतना कहने के बाद ड्राइवर ने उसे संभलने का भी मौका नहीं दिया और गाड़ी विक्रांत के ऊपर चढ़ा दी। 

10 मीटर तक JE को घसीटता ले गया ड्राइवर

पिता ने बताया कि विक्रांत कार के नीचे आ गए और कार के पहिए के बीच फंस गए। ड्राइवर तब भी नहीं रुका और उसे करीब 10 मीटर तक घसीटता ले गया। बाद में आरोपी ने कार की स्पीड बढ़ा ली और भाग गया। बाद में वहां मौजूद लोगों ने घायल JE को सड़क से उठाया। उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह हादसा 31 अगस्त का है लेकिन वीडियो 5 सितंबर की शाम को सामने आया है।  

 

यह भी पढ़ें: बच्चों को पढ़ाने वाली जोहेरी मोल कैसे बन गईं मिस वर्ल्ड 2026?

मथुरा पुलिस ने क्या बताया?

घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने कार नंबर के आधार पर अज्ञात चालक के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया था। इसके बाद कार के नंबर के आधार पर स्थानीय पुलिस ने आगरा पुलिस से संपर्क साधा, आरोपी को ट्रेस कर लिया गया। इस मामले में आरोपी विशाल शर्मा को पकड़ लिया गया है।

BJP से है आरोपी का क्या कनेक्शन?

बताया जा रहा है कि जिस कार ने JE को टक्कर मारी थी, उसपर BJP का झंडा लगा हुआ था। कार आगरा नंबर की थी तो स्थानीय पुलिस ने आगरा संपर्क साधा। कार नंबर के आधार पर पुलिस ने आरोपी को ट्रेस कर लिया है। इस मामले में आगरा में दयालबाग निवासी विशाल शर्मा को पकड़ा गया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इनका दयालबाग में शाकुंभरी इंटर कॉलेज है। आरोपी BJP के पूर्व जिला उपाध्यक्ष मधुसूदन शर्मा का पुत्र है।