दिल्ली के उत्तम नगर में होली के दिन 26 वर्षीय तरुण की हत्या मामले में दिल्ली नगर निगम ने आरोपियों की संपत्ति पर बुलडोजर एक्शन शुरू कर दिया है। शनिवार को ही दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता ने सख्त कार्रवाई करने की बात कही थी। इसके अगले दिन ही आरोपी निजामुद्दीन से जुड़ी संपत्ति पर एक्शन शुरू हो गया है।
अधिकारियों का कहना है कि आरोपी के घर के अवैध हिस्से को ढहाया गया है। नगर निगम ने नाले पर बने अतिक्रमण को हटाने के तहत एक्शन लिया है। बुलडोजर से इमारत का कुछ हिस्सा गिराया गया है। इस दौरान पूरे इलाके की घेरेबंदी की गई थी। बड़ी संख्या में पुलिस को भी तैनात किया गया था।
न्यूज एजेंसी एएनआई से बातचीत में दिल्ली नगर निगम वेस्ट जोन के एक अधिकारी ने बताया, 'मानसून सीजन आ रहा है। इस कारण नालों पर बने अवैध निर्माण को हटा रहे हैं, क्योंकि वे पानी के बहाव में रुकावट पैदा करते हैं। यह निर्माण नाले पर बना था।'
यह भी पढ़ें: रायसेन के किले से ईरान के समर्थन में चलाई तोप? वायरल वीडियो का सच जानिए
उत्तम नगर में तनाव, भारी पुलिसबल तैनात
26 वर्षीय तरुण की हत्या के बाद से उत्तम नगर इलाके में तनाव व्याप्त है। इलाके को जोन, सेक्टर और सब सेक्टर में बांटकर भारी संख्या में पुलिस और अर्धसैनिक बलों को तैनात किया गया है। शुक्रवार को गुस्साई भीड़ ने कई वाहनों में तोड़फोड़ और आगजनी की थी। लोगों ने प्रशासन से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और बुलडोजर एक्शन की मांग की थी। भारी नारेबाजी और लोगों के गुस्से को देखते हुए इलाके में पुलिस के अलावा रैपिड एक्शन फोर्स की सीआरपीएफ की तैनाता की गई है, ताकि कानून-व्यवस्था बाधित न हो।
यह भी पढ़ें: संजू सैमसन के कान में क्या बोले थे रोहित शर्मा? हिटमैन ने खोला राज
क्या है पूरा मामला?
4 मार्च को होली के दिन जेजे कॉलोनी में एक बच्ची ने गलती से रंग से भरा गुब्बारा दूसरे समुदाय की महिला पर फेंक दिया था। बस इसी मामूली बात पर झगड़ा शुरू हुआ और हत्या तक पहुंच गया। पुलिस के मुताबिक दोनों परिवार पिछले 5 दशक से एक-दूसरे को जानते हैं। पहले भी कचरा फेंकने और पार्किंग को लेकर विवाद हो चुका है। पुलिस ने हत्या के अलावा एसटी/एसी एक्ट समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया है। अब तक उमरदीन, जुम्मादीन, कमरुद्दीन, मुस्ताक, मुजफ्फर और ताहिर को गिरफ्तार किया गया है। एक नाबालिग भी हिरासत में है।
