उत्तर प्रदेश के जिला मेरठ में मेरठ-करनाल हाईवे पर रविवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया। सरधना थाना क्षेत्र के दबथुवा गांव के पास तेज रफ्तार ट्रक ने शटरिंग का सामान लेकर जा रहे टेंपो को टक्कर मार दी। हादसे में जान गंवाने वालों में मुरादनगर स्थित किसान इंटर कॉलेज में कार्यरत लिपिक रमेश भी शामिल हैं। मृतक रमेश, सुशील और अमर एक ही गांव के रहने वाले थे। हादसे की खबर मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। दुर्घटना के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
हादसा रविवार रात करीब साढ़े दस बजे दबथुवा गांव के पास हुआ। जानकारी के मुताबिक, गांव निवासी रमेश, सुशील और अमर शटरिंग के काम से जुड़े थे। रविवार रात वे शटरिंग का सामान लेकर टेंपो से गांव की ओर लौट रहे थे। टेंपो में सामान अधिक लदा होने के कारण गांव के पास हाईवे पर बने कट से मुड़ते समय वाहन धीमा हो गया। इसके बाद तीनों लोग टेंपो को आगे बढ़ाने के लिए धक्का लगाने लगे।इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे ट्रक ने टेंपो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। तीनों गंभीर रूप से कुचल गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। हादसे में वहां मौजूद रोहित भी ट्रक की चपेट में आकर घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
यह भी पढ़ें: UP STF के दरोगा ने रिश्वत में मांगी 2 गाय, जर्मन शेफर्ड कुत्ता और पैसे
कॉलेज में लिपिक थे रमेश, सुशील की परचून की दुकान
हादसे में जान गंवाने वाले रमेश (55) दबथुवा गांव के निवासी थे और मुरादनगर स्थित किसान इंटर कॉलेज में लिपिक के पद पर कार्यरत थे। वह नौकरी के साथ शटरिंग का काम भी करते थे। सुशील (47) गांव में परचून की दुकान चलाते थे और शटरिंग के काम से भी जुड़े थे। वहीं, अमर (30) मजदूरी करके अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे।तीनों की पहचान दबथुवा गांव के निवासी के रूप में हुई है। रोजमर्रा के काम में जुटे इन लोगों की एक साथ मौत ने परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया। हादसे की जानकारी मिलने के बाद मृतकों के घरों में चीख-पुकार मच गई। गांव के लोग भी शोकाकुल परिवारों को सांत्वना देने पहुंचने लगे।
टक्कर के बाद काफी दूर तक घिसटा टेंपो
ट्रक की टक्कर इतनी तेज थी कि टेंपो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास से गुजर रहे लोगों और ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर मदद की कोशिश की। दुर्घटना के कारण हाईवे पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई और जाम जैसे हालात बन गए।हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी गई है।
यह भी पढ़ें: रिटायर्ड एकाउंटेंट से 72.74 लाख की ठगी, ATS अफसर बनकर किया डिजिटल अरेस्ट
फरार चालक की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अभिजीत कुमार के मुताबिक, सरधना क्षेत्र के दबथुवा गांव के पास देर रात सड़क दुर्घटना की सूचना मिली थी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, शटरिंग के सामान से भरे टेंपो की ट्रक से टक्कर हुई, जिसमें तीन लोगों की मौत हो गई और एक व्यक्ति घायल हुआ। पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम कराया है और फरार ट्रक चालक की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जा रही है। इस दर्दनाक हादसे ने एक ही गांव के तीन परिवारों को उजाड़ दिया। एक तरफ परिवार के सदस्य अपनों को खोने के गम में डूबे हैं, वहीं दूसरी ओर गांव में मातम पसरा है। पुलिस अब हादसे की परिस्थितियों की जांच करने के साथ फरार चालक की तलाश में जुटी है।
