चंडीगढ़ में एक मर्सिडीज कार ने तेज रफ्तार में दो युवकों को कुचल दिया। घायल युवक एक क्लब से बाहर निकलकर बाहर जा रहे थे, तभी एक मर्सिडीज कार आई और दोनों लड़कों को बुरी तरह कुचलकर चली गई। दोनों लड़कों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। आरोपी कार चालक के खिलाफ पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई गई, जिसके बाद पुलिस ने जांच-पड़ताल शुरू की। जांच में पुलिस को पता चला कि आरोपी ने जानबूझकर दोनों लड़कों को कार से कुचला था। पुलिस के मुताबिक, दोनों लड़कों और कार चालक के बीच पहले भी बहस हुई थी, जिसके कुछ समय बाद आरोपी कार चालक ने दोनों लड़कों को कार से कुचल दिया। पुलिस ने कार चालक को गिरफ्तार कर लिया।

 

यह घटना शनिवार शाम को चंडीगढ़ के सेक्टर-26 स्थित एक क्लब के बाहर हुई, जहां एक कार ने दो लड़कों को कुचल दिया। घायल लड़कों के नाम अलायंसप्रीत सिंह और अमजद हैं। दोनों को सरकारी मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चला। रविवार को दोनों को अस्पताल से छुट्टी मिल गई। घटना के दौरान वहां कई लोग मौजूद थे। उन्हीं में से कुछ लोगों ने घटना का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

 

यह भी पढ़ें: 'भंडारा कर दो बाबूजी', हरिद्वार के भंडारा किंग बाबा रमाशंकर की हुई मौत

 

कार चालक ने क्यों मारी टक्कर?

रविवार को जब अलायंसप्रीत सिंह और अमजद को अस्पताल से छुट्टी मिल गई, तब पुलिस ने उनसे घटना के बारे में पूछताछ की। दोनों ने पुलिस को बताया कि कार चालक अखिल अपनी कार पीछे कर रहा था, तभी उसकी गाड़ी अलायंसप्रीत के पैर से टकरा गई। इसके बाद अखिल और अलायंसप्रीत के बीच बहस हो गई। बहस इतनी बढ़ गई कि आसपास मौजूद लोगों ने दोनों को झगड़ा करने से रोका।

 

इसके बाद आरोपी अखिल अपने एक दोस्त के साथ वहां से चला गया, जबकि दूसरी ओर अलायंसप्रीत सिंह अपने दोस्त अमजद के साथ आगे की ओर चलने लगा। कुछ मिनट बाद अखिल कथित तौर पर अपनी कार की नंबर प्लेट छिपाकर तेज रफ्तार में आया और अलायंसप्रीत सिंह व अमजद को कार से कुचल दिया। पुलिस ने आरोपी अखिल को गिरफ्तार कर लिया। हालांकि, अखिल को जल्द ही जमानत भी मिल गई। जानकारी के मुताबिक, अखिल फरीदाबाद का रहने वाला है और अपने रिश्तेदारों से मिलने चंडीगढ़ गया था।

 

यह भी पढ़ें: प्रेमी के लिए बच्चों के साथ टावर पर चढ़ी, इलाके में मचा हंगामा, 9 घंटे बाद उतरी

घटना का वीडियो वायरल

वायरल वीडियो में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि आरोपी अखिल ने तेज रफ्तार में कार चलाई और दो लड़कों को कुचल दिया। कुचले जाने के बाद एक लड़का उठ खड़ा हुआ और आरोपी की कार पर पत्थर मार दिया, जिससे कार के शीशे टूट गए।