तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में दिवाली के दौरान पटाखों के कारण एक ही अस्पताल में आंखें खराब होने के कई मामले सामने आए हैं। शहर के सरोजिनी देवी आई हॉस्पिटल में पटाखों के दौरान घायल हुए लोगों का इलाज लगातार जारी है। अस्पताल के OPD विभाग में एक ही दिन में 50 से 55 मरीज आंखों की चोट की शिकायत लेकर पहुंचे। इनमें से गंभीर रूप से घायल 13 मरीजों को भर्ती किया गया है।

 

अस्पताल की डॉक्टर डॉ. सुप्रजा ने बताया कि भर्ती कराए गए इन 13 मरीजों की कॉर्निया बुरी तरह खराब हो चुकी है। इसके चलते इनमें से केवल 50 प्रतिशत लोगों की ही आंखों की रोशनी वापस लौटने की संभावना है। वहीं, अस्पताल के RMO मोहम्मद इब्राहिम के अनुसार, अब तक कुल 32 से अधिक मामले दर्ज किए जा चुके हैं। इनमें से 6 मरीजों को इमरजेंसी में भर्ती रखा गया है। अस्पताल प्रशासन ने दिवाली के दौरान 25 बेड का एक पूरा विशेष वार्ड रिजर्व रखा है।

 

यह भी पढ़ें: 'मंत्री ट्रांसफर करना चाहते थे, 70 लाख देकर बचीं डिप्टी कमिश्नर', HDK का आरोप

एक पीड़ित ने क्या बताया?

अस्पताल में भर्ती एक घायल मरीज ने घटना के वक्त की आपबीती सुनाई। उसने बताया, 'कल शाम करीब 7 से 8 बजे के बीच मैं पटाखे जला रहा था। एक पटाखा जलाते समय मैं सही समय पर पीछे नहीं हट सका और वह तुरंत फट गया। धमाके के बाद मुझे कुछ समझ ही नहीं आया कि क्या हुआ। इस वक्त मेरी दोनों आंखों में गंभीर समस्या आ रही है। बाईं आंख पूरी तरह खराब हो चुकी है जबकि दाईं आंख से भी बहुत कम दिखाई दे रहा है।'

 

यह भी पढ़ें: थप्पड़ मारने पर वकील की गोली मारकर हत्या, कांग्रेस नेता अमोल दीक्षित पर आरोप

24 घंटे अलर्ट पर डॉक्टरों की टीम

अस्पताल के RMO मोहम्मद इब्राहिम ने बताया कि आपात स्थिति से निपटने के लिए अस्पताल में इंतजाम किए गए हैं। कई डॉक्टरों की टीम 24 घंटों की ड्यूटी पर तैनात किए गए हैं। उन्होंने बताया कि दीवाली को देखते हुए 7 डॉक्टर और 4 विशेषज्ञों समेत कुल 11 डॉक्टरों की टीम को राउंड द क्लॉक ड्यूटी पर लगाया गया है।

 

इमरजेंसी में सर्जरी की भी व्यवस्था की गई हैं। जरूरत पड़ने पर मरीजों की रात में ही सर्जरी की जा सकती है। यदि किसी मरीज को बड़े अस्पताल में भेजने की जरूरत पड़ती है तो इसके लिए अस्पताल में 2 एम्बुलेंस हर समय तैयार रखी गई हैं। अस्पताल के डॉक्टर मरीजों के इलाज पर लगातार नजर बनाए हुए हैं और स्थिति के अनुसार आगे के कदम उठा रहे हैं।