उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले के गाजीपुर क्षेत्र में 19 वर्षीय युवती की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने उसकी मां और भाई को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि दोनों ने युवती को जबरन जहर खिलाकर उसकी हत्या कर दी और बाद में शव को खेत में फेंक दिया। पुलिस के अनुसार परिवार युवती के एक हिंदू युवक से प्रेम संबंध से नाराज था, जिसके चलते यह खौफनाक कदम उठाया गया।
पुलिस के मुताबिक, युवती का शव 2 मार्च को गांव के बाहर एक खेत में संदिग्ध हालात में मिला था। शुरुआती जांच में मामला संदिग्ध लगा और अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू की गई। बाद में तकनीकी जांच और साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने मृतका की मां और भाई को आरोपी मानते हुए गिरफ्तार कर लिया।
यह भी पढ़ें: अमेरिका-ईरान तनाव से भागलपुर के बुनकरों पर संकट, 25 करोड़ का निर्यात ऑर्डर रद्द
सर्विलांस जांच से खुला मामला
पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान फरजाना के रूप में हुई, जो पैगम्बरपुर बकरी गांव की रहने वाली थी। मामले में गिरफ्तार आरोपियों में उसकी 48 साल की मां अफसाना और 26 साल का भाई अफसर शामिल हैं। पुलिस ने दोनों को टिकरी मोड़ के पास से उस समय गिरफ्तार किया, जब वे कथित तौर पर फरार होने की कोशिश कर रहे थे। जांच के दौरान पुलिस ने कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDRs) और सर्विलांस डेटा की मदद ली जिससे घटना की कड़ी जुड़ती चली गई।
पुलिस जांच में सामने आया कि 1 और 2 मार्च की दरमियानी रात मां और भाई फरजाना को गांव के पास अरहर के खेत में ले गए। वहां उसे कथित तौर पर जबरन सल्फास पाउडर खिला दिया गया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद दोनों ने शव को दूसरे खेत में ले जाकर फेंक दिया ताकि मामला दुर्घटना या आत्महत्या जैसा लगे।
यह भी पढ़ें: '1 साल में 5.5 लाख बच्चों ने छोड़ा स्कूल', कुमारी सैलजा ने वजह भी गिना दी
पुलिस को गुमराह करने की कोशिश
पुलिस के मुताबिक घटना के बाद मां फतेहपुर चली गई जबकि भाई घर लौट आया। अगले दिन मां वापस आई और बेटी की मौत की जानकारी पुलिस को दी लेकिन जब पुलिस ने औपचारिक शिकायत दर्ज कराने को कहा तो मां और बेटे ने कार्रवाई से इनकार कर दिया। इसी बात से पुलिस को शक हुआ और आगे की जांच में दोनों के मोबाइल लोकेशन और कॉल रिकॉर्ड खंगाले गए।
जांच के दौरान सामने आया कि दोनों अलग-अलग जगहों पर होने के बावजूद लगातार संपर्क में थे। इसके बाद पुलिस ने सबूतों के आधार पर दोनों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि युवती के एक हिंदू युवक से संबंध को लेकर परिवार नाराज था और सामाजिक बदनामी के डर से यह वारदात की गई। फिलहाल मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
