उत्तर प्रदेश के वाराणसी शहर में 12 साल एक बच्ची को उसकी मां ने कथित तौर पर 16 हजार रुपये नकद और 10 साड़ियों के बदले बेच दिया। बाद में एक ऑटो चालक ने बच्ची से दुष्कर्म किया। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

 

वाराणसी के सहायक पुलिस आयुक्त सारनाथ विदुष सक्सेना ने बताया कि 21 मई को स्थानीय लोगों की सूचना पर बच्ची रोती-भटकती हुई मिली थी जिसे बाल कल्याण कमेटी के सामने पेश किया गया, जहां बच्ची ने अपनी आपबीती सुनाई।

 

यह भी पढ़ें: पटना के होटल में लड़की को कमरे से खींच लिया, अब मैनेजर समेत तीन गिरफ्तार

बच्ची से कई बार हुआ दुष्कर्म

सक्सेना ने बताया कि बच्ची बिहार की रहने वाली है। बच्ची की मां ने जनवरी महीने में चंदौली के रहने वाले लहरू यादव राकेश को बेच दिया था। राकेश ने चंदौली के एक मंदिर में बच्ची से कथित तौर पर शादी कर ली। उन्होंने बताया कि इसके बाद राकेश ने बच्ची से कई बार दुष्कर्म किया और उससे घरेलू नौकरानी की तरह काम लेने लगा।

 

यह भी पढ़ें: TCS नासिक धर्मांतरण केस में नया मोड़, कौन है हनिया? निदा खोल रही राज

तालाब के किनारे ले जाकर दुष्कर्म 

पुलिस ने बताया कि बाद में 19 मई को आरोपी बच्ची को मंडुवाडीह स्थित बनारस रेलवे स्टेशन के पास छोड़कर फरार हो गया। उन्होंने बताया कि इसके बाद झारखंड निवासी ऑटो चालक रवि वर्मा ने बच्ची को मां से मिलाने का झांसा देकर सारनाथ स्थित एक तालाब के किनारे ले जाकर दुष्कर्म किया और उसे छोड़कर भाग गया।

 

सक्सेना ने बताया कि पुलिस ने इस मामले में बच्ची की मां, लहरू यादव और ऑटो चालक रवि वर्मा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर 23 मई को तीनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।