संजय सिंह, पटना। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने रविवार को मुजफ्फरपुर को विकास की सौगातों से भर दिया। एमआईटी कैंपस में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने जिले के लिए 1047 करोड़ रुपये की लागत वाली 982 विकास योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम ने उत्तर बिहार के लिए हवाई यात्रा से लेकर शिक्षा तक कई बड़े ऐलान किए। साथ ही अपराधियों को सीधी चेतावनी भी दी।
उत्तर बिहार के लोगों का हवाई सफर का सपना अब हकीकत बनने जा रहा है। सीएम ने मंच से बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि मुजफ्फरपुर के पताही एयरपोर्ट और रक्सौल एयरपोर्ट से जल्द ही विमान सेवा शुरू होगी।
यह भी पढ़ें: राजस्थान में बड़ा हादसा, भाई-बहन समेत 4 लोग डूबे; सभी की मौत
10 दिनों में शुरू होगा पताही एयरपोर्ट का काम
उन्होंने कहा कि पताही और रक्सौल एयरपोर्ट को लेकर सरकारी प्रक्रिया काफी आगे बढ़ चुकी है। अगले 10 दिनों के अंदर ही पताही एयरपोर्ट के विकास कार्यों का शिलान्यास कर दिया जाएगा। इसके बाद यहां से बहुत जल्द उड़ानें शुरू हो जाएंगी। सीएम के इस ऐलान से मुजफ्फरपुर, दरभंगा, सीतामढ़ी समेत पूरे उत्तर बिहार के लोगों में खुशी है। अब दिल्ली, मुंबई और कोलकाता जाने के लिए पटना नहीं जाना पड़ेगा।
MIT में खुलेगा आर्किटेक्चर सिविल विश्वविद्यालय
शिक्षा के क्षेत्र में मुजफ्फरपुर को एक और बड़ी सौगात मिली है। सीएम ने घोषणा की कि शहर के प्रतिष्ठित एमआईटी परिसर में ही एक नया आर्किटेक्चर सिविल विश्वविद्यालय खोला जाएगा। उन्होंने कहा कि इस विश्वविद्यालय से स्थानीय युवाओं को उच्च शिक्षा के साथ-साथ रोजगार के नए अवसर मिलेंगे। अब इंजीनियरिंग के साथ-साथ आर्किटेक्चर की पढ़ाई भी यहीं होगी। इसके साथ ही सीएम ने बताया कि बिहार के 12 शहरों में नई टाउनशिप बनाने का काम तेजी से चल रहा है। इससे पुराने शहरों को नया रूप मिलेगा और शहरी विकास को गति मिलेगी।
यह भी पढ़ें: बेल्ट पर मिले ट्विशा के स्किन टिश्यू, AIIMS ने CBI को सौंपी 11 पेज की रिपोर्ट
अपराधियों को सम्राट ने दो टूक कहा कि- बिहार छोड़ो या जेल जाओ। कानून-व्यवस्था पर मुख्यमंत्री का रुख बेहद सख्त दिखा। उन्होंने अपराधियों को सीधे चेतावनी देते हुए कहा कि बिहार अब विकास की पटरी पर दौड़ रहा है। इसे कोई रोक नहीं सकता। इस राज्य में अपराध के लिए कोई जगह नहीं है। सीएम ने अल्टीमेटम देते हुए कहा कि अपराधियों के पास दो ही रास्ते हैं। या तो वे बिहार छोड़ दें, नहीं तो उन्हें जेल की सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा। पुलिस को पूरी छूट है।
तेजस्वी पर पलटवार, अफसरों को काम करने का आदेश
विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव के बयानों का जवाब देते हुए सीएम ने कहा कि बिहार में विकास के लिए पैसे की कोई कमी नहीं है। उन्होंने कहा कि बीते 10 जुलाई को ही सभी पेंशनधारकों के खातों में पेंशन की राशि भेज दी गई है।
अधिकारियों को काम के प्रति गंभीर होने की नसीहत देते हुए सीएम ने कहा कि अब 8-10 घंटे काम करने से काम नहीं चलेगा। बिहार को आगे बढ़ाने के लिए अफसरों को 18-18 घंटे मुस्तैदी से काम करना होगा। फाइलें लटकाने वालों की खैर नहीं है। बिहार को पर्यटन के नक्शे पर चमकाने का भरोसा देते हुए सीएम ने अयोध्या का उदाहरण दिया। उन्होंने कहा, जैसे अयोध्या में राम मंदिर बनने से रोजगार और पर्यटन बढ़ा है, वैसे ही बिहार में भी होगा। सीएम के इन ऐलानों के बाद तय है कि आने वाले दिनों में मुजफ्फरपुर और पूरे उत्तर बिहार की तस्वीर बदलने वाली है।
