दिल्ली में एक और इमारत ढहने से 2 लोगों की मौत हो गई है, मलबे के नीचे कई लोगों के दबे होने की आशंका है। यह घटना पुरानी दिल्ली के चावड़ी बाजार के पास पैवलान इलाके में गुरुवार सुबह 10:15 बजे हुई है। यहां चावड़ी बाजार मेट्रो स्टेशन के सामने, शीश महल की गली सत्तारा में एक निर्माणाधीन तीन मंजिला इमारत ढह गई। नेशनल डिजास्टर रिस्पांस फोर्स (NDRF) खोज और बचाव कार्य में जुट गई है।
इस घटना के बारे में बात करते हुए एक प्रत्यक्षदर्शी मोहम्मद नईम ने बताया कि रात में जब हम हम सो रहे थे, तभी हमें कुछ गिरने की तेज आवाज सुनाई दी। हम सब उठे और तुरंत बाहर भागे। हमें लगा कि हमारा अपना घर ही गिर रहा है। जब हमने देखा, तो पता चला कि बगल में बन रहा घर गिर गया है।
यह भी पढ़ें: 31 लाख कैश, 23 लाख के गहने और करोड़ों की जमीन; बिहार के इंजीनियर के यहां छापा
बचाव और रेस्क्यू ऑपरेशन
मोहम्मद नईम ने समाचार एजेंसी ANI से बातचीत के दौरान बताया कि वहां तीन-चार लिंटेल (छत के हिस्से) डाले जा चुके थे, जो एक साथ गिर गए। घायल मजदूरों में से एक ने बताया कि वहां तीन-चार लोग मौजूद थे। हमने एक शव को बाहर निकाले जाते देखा। यह इमारत पिछले 3 से 4 महीनों से बन रही थी।
दिल्ली पुलिस के अनुसार, इस घटना में दो लोगों की मौत हो गई है और एक व्यक्ति घायल है। NDRF ने घटनास्थल से एक शव बरामद किया है। बचाव और रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। NDRF, दिल्ली पुलिस और दिल्ली फायर सर्विस (DFS) की टीमें मौके पर मुस्तैद हैं। दमकल की 6 से अधिक गाड़ियां और रेस्क्यू गाड़ियां तुरंत काम पर लगा दी गई हैं।
AAP नेता ने दिल्ली की CM रेखा गुप्ता और MCD को घेरा
इस घटना के बाद आम आदमी पार्टी के नेता सौरभ भारद्वाज ने CM रेखा गुप्ता सरकार और MCD को घेरा। उन्होंने X पर कहा कि कई बार सुरक्षा ऑडिट के आदेश के बावजूद दिल्ली में इमारतें गिर रही हैं।
सौरभ भारद्वाज ने सरकारी विभागों पर रिश्वतखोरी का आरोप लगाया है, उन्होंने कहा कि जो लोग रिश्वत नहीं देते, उनकी इमारतें सील कर दी जाती हैं, जबकि दूसरी इमारतों पर कार्रवाई नहीं होती। इसके अलावा सौरभ भारद्वाज दमकल विभाग और SDM कार्यालयों में भी वसूली का आरोप लगाया और ग्रेटर कैलाश-2 में दो जिम सील करने की कार्रवाई पर सवाल उठाए।
