केरलम में भारतीय जनता पार्टी (BJP) को बड़ा झटका लगा है। पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के दिग्गज नेता रहे के. करुणाकरण की बेटी और बीजेपी नेत्री पद्मजा वेणुगोपाल ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। पद्मजा वेणुगोपाल ने केरलम बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर को अपना इस्तीफा सौंप दिया है।
पार्टी छोड़ते हुए पद्मजा ने कहा कि बीजेपी ने बदले में उनके लिए कुछ नहीं किया। उन्होंने यह भी कहा कि वह सार्वजनिक जीवन में सक्रिय रहेंगी, लेकिन फिलहाल कांग्रेस में लौटने को लेकर उन्होंने कोई फैसला नहीं किया है। हालांकि कांग्रेस नेतृत्व की तारीफ करते हुए कहा कि वी.डी. सतीशन अच्छे मुख्यमंत्री साबित हो सकते हैं। पद्मजा वेणुगोपाल साल 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस छोड़कर बीजेपी में शामिल हुई थीं।
मई 2026 में केरलम में विधानसभा के चुनाव हुए थे। इस चुनाव में बीजेपी ने पद्मजा वेणुगोपाल को उन्हें त्रिशूर विधानसभा सीट से उम्मीदवार बनाया था। हालांकि, वह चुनाव में तीसरे स्थान पर रहीं थी। इस सीट से कांग्रेस के राजन जे. पल्लन ने 60,290 वोट प्राप्त कर जीत दर्ज की थी। वहीं, दूसरे स्थान पर CPI (भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी) के उम्मीदवार अलनकोड लीलाकृष्णन थे। इन्हें 33, 487 वोट मिले थे। पद्मजा वेणुगोपाल तीसरे स्थान पर थी और उन्हें केवल 28,662 वोट मिले थे।
बीजेपी छोड़ क्या बोली पद्मजा?
पार्टी छोड़ने के बाद पद्मजा वेणुगोपाल ने मीडिया से बात करते हुए बताया कि पार्टी ने उन्हें बदले में कुछ नहीं दिया। उन्होंने कहा, 'बीजेपी छोड़ने का मेरा फैसला पूरी तरह निजी है। मैंने राजीव चंद्रशेखर और बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष को अपना इस्तीफा सौंप दिया है। बीजेपी में शामिल होने के बाद पार्टी ने मुझे बदले में कुछ भी नहीं दिया। यह मेरा निजी फैसला है। मैंने पार्टी छोड़ने के अपने फैसले के बारे में के. मुरलीधरन से भी बात की है। बीजेपी की विचारधारा को समझने में मुझे थोड़ा समय लगा।'
यह भी पढ़ें: 'अपराध ऐसा कि सजा कम नहीं कर सकते', दुष्कर्म केस में केरल हाई कोर्ट का फैसला
क्या कांग्रेस में शामिल होगीं?
पद्मजा वेणुगोपाल ने कहा है कि उन्होंने कांग्रेस की तरफ लौटने का फैसला नहीं किया है। उन्होंने कहा, 'मैं सार्वजनिक जीवन में सक्रिय रहूंगी। मेरी कभी चुनाव लड़ने में दिलचस्पी नहीं रही। मैंने अभी कांग्रेस में लौटने को लेकर कोई फैसला नहीं किया है। अगर आप चाहते हैं कि मैं कांग्रेस में लौटूं, तो ऐसा हो सकता है।'
पद्मजा वेणुगोपाल ने राज्य के मुख्य मंत्री वी. डी. सतीशन की तारीफ की है। उन्होंने कहा, 'मुझे UDF सरकार के कामकाज को लेकर सकारात्मक राय है। मेरा मानना है कि वी.डी. सतीशन अच्छे मुख्यमंत्री साबित हो सकते हैं। मैं यह भी चाहती हूं कि ए.के. एंटनी के बेटे भी कांग्रेस में वापस लौटें।'
यह भी पढ़ें: मैथिली ठाकुर के पिता पर ग्रामीणों के जमीन कब्जाने का आरोप, क्या बोले गांव वाले?
पद्मजा के राजनीतिक करियर पर एक नजर
पद्मजा वेणुगोपाल ने 1996 में कांग्रेस से राजनीतिक सफर शुरू किया था। वह पूर्व मुख्यमंत्री के. करुणाकरण की बेटी और कांग्रेस नेता के. मुरलीधरन की बहन हैं। उन्होंने 2004 में मुकुंदपुरम लोकसभा सीट और 2016 व 2021 में त्रिशूर विधानसभा सीट से कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ा, लेकिन तीनों बार हार गईं। मार्च 2024 में उन्होंने कांग्रेस छोड़कर बीजेपी का दामन थाम लिया। 2026 में बीजेपी ने उन्हें त्रिशूर से टिकट दिया, लेकिन वह तीसरे स्थान पर रहीं।
