हरियाणा के पानीपत में एक महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई। महिला के परिवार ने अस्पताल के डॉक्टरों के खिलाफ गंभीर आरोप लगाए हैं। परिवार के मुताबिक, महिला सड़क दुर्घटना में घायल हुई थी, जिसमें उनके पैर की हड्डी टूट गई थी। पैर के ऑपरेशन के लिए वे महिला को अस्पताल में भर्ती कराए थे। आरोप है कि अस्पताल के डॉक्टरों ने पैर के बजाय दिल का ऑपरेशन करना शुरू कर दिया। इसी दौरान महिला की मौत हो गई। मृत महिला के परिवार ने दावा किया कि डॉक्टरों ने ऑपरेशन करने से पहले सहमति पत्र पर फर्जी साइन किया। पुलिस परिवार के आरोपों के आधार पर जांच-पड़ताल कर रही है।
यह घटना पानीपत के जीटी रोड स्थित पार्क अस्पताल की है, जहां कुलदीप ने अपनी मां गुड्डी देवी को अस्पताल में भर्ती कराया था। इलाज के दौरान गुड्डी देवी की मौत हो गई। कुलदीप ने पुलिस को बताया कि उनकी मां की 24 जुलाई को सड़क हादसे में पैर की हड्डी टूट गई थी। साथ ही शिकायत की कि 25 जुलाई को डॉक्टरों ने बिना सहमति के दिल का ऑपरेशन किया। पुलिस ने डॉक्टरों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 106, 318 और 351 के तहत मामला दर्ज किया है।
यह भी पढ़ें: फर्रुखाबाद: हाइवे पर बाइक रोकी, युवक को मार दी गोली, देखते रहे बीवी-बच्चे
क्या है पूरा मामला?
पुलिस के मुताबिक, कुलदीप पानीपत के रमेश नगर में अपने परिवार के साथ रहते हैं। 24 जुलाई को कुलदीप की मां गुड्डी देवी सड़क हादसे में घायल हो गई थीं, जिसमें उनके पैर की हड्डी टूट गई थी। इसी वजह से कुलदीप ने अपनी मां को पार्क अस्पताल में भर्ती कराया था ताकि पैर का ऑपरेशन हो सके।
पुलिस के सामने कुलदीप ने दावा किया कि डॉक्टरों ने आश्वासन दिया था कि वे इलाज सही ढंग से करेंगे। इसके बाद कुलदीप का आरोप है कि डॉक्टरों ने बिना सहमति पत्र पर हस्ताक्षर कराए दिल का ऑपरेशन करना शुरू कर दिया और सहमति पत्र पर फर्जी तरीके से खुद ही साइन कर दिया। इसी दौरान 25 जुलाई को उनकी मां का निधन हो गया। जब कुलदीप ने डॉक्टरों से पूछा कि दिल का ऑपरेशन करने की वजह क्या थी, तो अस्पताल के स्टाफ ने कथित तौर पर उनके साथ बदसलूकी की और अपनी गलती स्वीकार नहीं किया। पुलिस ने गुड्डी देवी के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
यह भी पढ़ें: 'यह सरकार बिहार की जनता की है, हम आपके सेवक हैं', बोले बिहार के CM सम्राट चौधरी
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
इस मामले को लेकर पुलिस गंभीरता से जांच-पड़ताल कर रही है। पुलिस ने एक तरफ मृतका गुड्डी देवी के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है ताकि मौत की वजह पता चल सके। साथ ही आरोपी डॉक्टरों से पूछताछ की जा रही है। फिलहाल इस मामले में किसी भी आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया गया है।
