बिहार के समस्तीपुर जिले में मथुरापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत विश्वकर्मा टोला स्थित मुस्कान नशा मुक्ति व पुनर्वास केंद्र में एक सनसनीखेज घटना सामने आई। यहां केंद्र में भर्ती एक मरीज ने लोहे की रॉड से हमला कर वहां के मैनेजर राहुल कुमार (27) की हत्या कर दी। वहीं इस घटना के बाद केंद्र में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी है।

 

सूत्रों से जानकारी के अनुसार, राहुल केंद्र में मैनेजर के रूप में काम करते थे। घटना के समय वह अपने कमरे में आराम कर रहे थे। इसी दौरान केंद्र में रह रहे एक मरीज ने जिम में इस्तेमाल होने वाली लोहे की रॉड से उनके सिर पर अचानक हमला कर दिया। सिर में गंभीर चोट लगने के कारण राहुल की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

मृतक मुजफ्फरपुर जिले का निवासी

मृतक की पहचान मुजफ्फरपुर जिले के पक्की सराय निवासी राहुल के रूप में हुई है। राहुल के पिता का नान राम जन्म दूबे है। वहीं घटना को अंजाम देने के आरोप में हिरासत में लिए गए मरीज की पहचान वैशाली जिले के राघोपुर निवासी के रूप में की गई है।

 

यह भी पढ़ें: व्हाइट हाउस के पास भीषण गोलीबारी, 4 लोग घायल; एक की मौत

 

घटना की खबर मिलते ही सेंटर में हड़कंप मच गया। वहां भर्ती अन्य मरीज और कर्मचारी दहशत में आ गए। कुछ लोगों के शोर की आवाज सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंचे। घटना की सूचना मिलते ही मथुरापुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने आरोपी मरीज को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ कर रही है।

क्यों की हत्या?

आरोपी से पुलिस पूछताछ में फिलहाल हत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है। बताया जा रहा है कि आरोपी मरीज मानसिक रूप से परेशान था। वह नशा मुक्ति केंद्र में इलाज के लिए भर्ती था। राहुल की मौत की खबर मिलते ही उनके परिजनों में कोहराम मच गया। उन्होंने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

 

इस घटना के बाद नशा मुक्ति केंद्र की व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। लोगों का कहना है कि केंद्र में सुरक्षा की व्यवस्था ठीक नहीं है। सबसे बड़ा सवाल यह है कि केंद्र में मरीज के पास लोहे की रॉड कैसे पहुंची? मथुरापुर थाना की पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। आरोपी मरीज को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगा खुलासा

पुलिस ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चलेगा। पुलिस केंद्र संचालक से भी पूछताछ कर रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि केंद्र में सुरक्षा के क्या इंतजाम थे।