संजय सिंह, पटना। पटना जिले के घोसवरी प्रखंड के केवटी गांव में शादी की खुशियां उस वक्त मातम और दहशत में बदल गईं, जब डीजे पर डांस को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में तब्दील हो गया। दो अलग-अलग जातियों के बीच हुए इस टकराव में करीब पांच राउंड फायरिंग की गई, जिसमें एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। 

 

घटना के बाद पूरे गांव में तनाव का माहौल कायम है और हालात को नियंत्रित करने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।

महिलाओं के साथ करने लगे अभद्रता 

मिली जानकारी के अनुसार, केवटी गांव में एक ही समय दो अलग-अलग जातियों के घरों में शादी समारोह चल रही था। दोनों ही पक्षों की ओर से बारात के साथ डीजे और नाच-गाने का कार्यक्रम आयोजित किया गया था। महिलाएं और युवक डीजे की धुन पर नाचते-गाते आगे बढ़ रहे थे। इसी दौरान जब दोनों जुलूस आमने-सामने आए, तो माहौल अचानक तनावपूर्ण हो गया।

 

यह भी पढ़ें: 'फ्लैट में आते थे लड़के, पति से बनाते थे संबंध', पत्नी ने खोला बड़ा राज

आमने-सामने आ गए दोनों पक्ष

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक पक्ष के कुछ युवक दूसरे पक्ष के डांस कर रहे समूह में घुसकर महिलाओं के साथ अभद्रता करने लगे। इस हरकत का विरोध किया गया और उन्हें वहां से भगा दिया गया। लेकिन यह विवाद यहीं शांत नहीं हुआ। कुछ देर बाद वही युवक हथियार, लाठी-डंडे के साथ वापस लौटे और हमला बोल दिया।

 

देखते ही देखते दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और मारपीट शुरू हो गई। हालात तब और बिगड़ गए जब अचानक फायरिंग शुरू हो गई। बताया जा रहा है कि करीब पांच राउंड गोलियां चलाई गईं, जिससे मौके पर भगदड़ और अफरा-तफरी मच गई।

गोलीबारी में एक जख्मी 

इस गोलीबारी में केवटी गांव निवासी मौली महतो के जांघ में गोली लग गई, जो आर-पार हो गई। गंभीर रूप से घायल मौली को तुरंत एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है। वहीं परिजनों का दावा है कि मौली के भाई सुधीर प्रसाद के हाथ में भी गोली लगी है, हालांकि पुलिस ने फिलहाल केवल एक व्यक्ति के घायल होने की पुष्टि की है।

 

यह भी पढ़ें: मां खुद डूब गई लेकिन बेटे को नहीं छोड़ा, बरगी हादसे की तस्वीर रुला देगी

घटनास्थल पर बढ़ाई गई सुरक्षा

घटना की सूचना मिलते ही सामियागढ़ थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। मामले की गंभीरता और संभावित जातीय तनाव को देखते हुए एसडीपीओ रामकृष्ण खुद कई थानों की पुलिस के साथ गांव पहुंचे और स्थिति को संभालने में जुट गए। गांव में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।

 

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले की जांच जारी है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। साथ ही गांव के बुजुर्गों और दोनों पक्षों के जिम्मेदार लोगों के साथ बैठक कर माहौल को शांत करने की कोशिश की जा रही है।