संजय सिंह, पटना। बिहार की राजधानी पटना में पुलिस ने तस्करों के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई की है। नौबतपुर थाना क्षेत्र में गाड़ी चेकिंग के दौरान 160 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। इस मामले में दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। बरामद गांजे की कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।
बताया जा रहा है कि तस्कर बड़ी चालाकी से गांजे की खेप को पटना से बाहर ले जाने की फिराक में थे। इस बार पुलिस की सतर्कता के चलते वे लोग इस काम को अंजाम तक नहीं पहुंचा पाए।
यह भी पढ़ें: दोस्त ने चेहरे पर लगा दिया बर्थडे केक, गुस्साए शख्स ने जान से मार डाला
पुलिस को सूचना मिली
पुलिस को सूचना मिली थी कि नौबतपुर थाना क्षेत्र से ड्रग्स की एक बड़ी खेप निकलने वाली है। सूचना मिलते ही अधिकारियों के निर्देश पर नौबतपुर थाना पुलिस ने जाल बिछाया। बिहटा-सरमेरा ओवरब्रिज के नजदीक गाड़ी चेकिंग अभियान चलाया गया। इसी दौरान पुलिस को एक गाड़ी पर शक हुआ जिसकी तलाशी ली गई।
गाड़ी के अंदर एक बॉक्स में 17 बंडल गांजा बरामद मिला। सभी बंडलों को तौलने पर कुल वजन 160 किलोग्राम निकला। इसके साथ ही पुलिस ने दो मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं। इससे तस्करों के नेटवर्क का पता लगाया जा रहा है।
दो तस्कर गिरफ्तार, नेटवर्क की तलाश
पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है। दोनों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि यह गांजा कहां से लाया गया था। साथ ही इसे कहां ले जाया जा रहा था। इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि बरामद मोबाइल फोन की जांच की जा रही है। कॉल डिटेल और चैट से कई अहम सुराग मिलने की उम्मीद है।
इस धंधे में बड़े गिरोह के शामिल होने की आशंका जताई जा रही है। इस संबंध में सिटी SP (वेस्ट) संकेत कुमार ने बताया कि पटना पुलिस ड्रग्स और नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ लगातार काम कर रही है। इसी कड़ी में यह बड़ी सफलता मिली है। उन्होंने कहा कि आगे भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी। SP संकेत कुमार ने बताया कि इसके तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
यह भी पढ़ें: हनीमून मनाने गए थे दार्जिलिंग, बारबेक्यू के पास बैठे तभी लगी आग, नई दुल्हन झुलसी
पहले भी हो चुकी है कार्रवाई
बता दें कि पटना पुलिस ने पिछले कुछ महीनों में इन तस्करों के खिलाफ कई बड़ी कार्रवाई की है। बिहटा, नौबतपुर और पालीगंज इलाके में पहले भी गांजा और शराब की बड़ी खेप पकड़ी गई है। पुलिस का कहना है कि यह इलाका तस्करों के लिए कॉरिडोर बन गया है। इसलिए यहां विशेष निगरानी रखी जा रही है।
