चंडीगढ़ के मनीमाजरा इलाके में मंगलवार, 24 फरवरी की देर रात एक भयानक सड़क हादसे ने दो परिवारों को गहरे दुख में डुबो दिया। उत्तर प्रदेश के सहारनपुर के दो भाइयों को एक तेज रफ्तार काली महिंद्रा थार ने टक्कर मार दी और हादसे में उनकी मौत हो गई। दोनों भाई पेशे से मदरसा टीचर थे। मृतकों की पहचान 46 वर्षीय गुलशेर अली और 44 वर्षीय अब्दुल सुब्हान के रूप में हुई है।

 

गुलशेर अली और अब्दुल सुभान दोनों सहारनपुर के एक मदरसे में बच्चों को पढ़ाते थे। वे सोशल वर्क में भी ऐक्टिव थे। परिवार वालों के मुताबिक, दोनों भाई रमजान से पहले डोनेशन इकट्ठा करने के लिए 21 फरवरी को चंडीगढ़ आए थे और मनीमाजरा में एक रिश्तेदार के यहां रह रहे थे।

 

यह भी पढ़ें: 'शंकराचार्य' विवाद को कैसे देख रही है सपा? BJP सरकार के खिलाफ क्या है प्लान

यह दुर्घटना कैसे हुई?

पुलिस के मुताबिक, एक्सीडेंट रात करीब 11:30 बजे कलाग्राम लाइट पॉइंट के पास हुआ। दोनों भाई अपनी मोटरसाइकिल पर किसी दूसरे रिश्तेदार से मिलने जा रहे थे। चश्मदीदों ने बताया कि वे ट्रैफिक सिग्नल पर ग्रीन लाइट का इंतजार कर रहे थे। तभी एक तेज रफ्तार थार ने उनकी बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि गुलशेर अली की मौके पर ही मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल अब्दुल सुभान को तुरंत PGI अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

 

हादसे के बाद वाहन चला रहा 18 वर्षीय युवक अरमान मौके से फरार हो गया। आरोपी सेक्टर-22 का निवासी बताया गया है और उसके पिता चंडीगढ़ पुलिस में हेड कांस्टेबल हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने वाहन को सेक्टर-25 स्थित श्मशान घाट के पास छोड़ दिया था। हालांकि, घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने वाहन का नंबर नोट कर लिया और पुलिस को सूचित किया। जिसके आधार पर आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया गया।

 

यह भी पढ़ें: तेलंगाना में सफाई कर्मचारियों की सैलरी 2 लाख, वेतन देने में खर्च हो जा रहे पैसे

आरोपी के पास नहीं था ड्राइविंग लाइसेंस

जांच में पता चला कि आरोपी के पास ड्राइविंग लाइसेंस नहीं था। शुरुआती जांच में शराब पीने की पुष्टि नहीं हुई लेकिन डिटेल्ड मेडिकल रिपोर्ट का इंतजार है। आरोपी को बाद में जमानत पर रिहा कर दिया गया। इस हादसे से दोनों परिवारों में दुख है। गुलशेर अली अपने पीछे पत्नी और पांच बच्चे छोड़ गए हैं जबकि अब्दुल सुभान की पत्नी और चार बच्चे हैं। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिवारों को सौंप दिए। मनीमाजरा पुलिस स्टेशन में केस दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच चल रही है।