राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के अजीत और शरद पवार गुट के विलय की अटकलों पर सांसद सुप्रिया सुले ने विराम लगा दिया है। सुप्रिया ने कहा कि दोनों गुटों के विलय को लेकर बातचीत अजीत पवार के निधन के बाद ही खत्म हो गई थी। सुप्रिया ने बीजेपी की अगुवाई वाले एनडीए गठबंधन में शामिल होने की अटकलों को भा खारिज किया। कुछ दिन पहले ही एनसीपी नेताओं ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की थी। इसके बाद ही दोनों गुटों के विलय की खबरें आने लगी थी।

 

पत्रकारों से बातचीत में सुप्रिया सुले ने बताया, 'जब मेरे भाई जीवित थे, तब विलय को लेकर बातचीत हो रही थी। इसके लिए एक तारीख भी तय हो गई थी। लेकिन मेरे भाई के निधन वाले दिन ही मेरे लिए और हमारी पार्टी के भीतर विलय का मुद्दा पूरी तरह समाप्त हो गया।'

 

यह भी पढ़ें: हल्द्वानी में नाबालिग से गैंगरेप, ABVP के पूर्व प्रत्याशी समेत 4 गिरफ्तार

दूसरे गुट से कोई संदेश नहीं मिला: सुप्रिया

उन्होंने कहा कि अजीत पवार के निधन के बाद हमारी पार्टी ने विलय पर कोई बयान नहीं दिया। दूसरे गुट से भी किसी का फोन नहीं आया। उन्होंने कहा, 'पिछले कई महीनों में हमारी ओर से किसी भी प्रवक्ता ने इस मुद्दे पर कुछ नहीं कहा है। अजित पवार गुट की तरफ से विलय पर मुझे न तो किसी का फोन आया और न व्हाट्सएप मैसेज, एसएमएस, पत्र या ईमेल मिला। किसी ने मुझसे संपर्क नहीं किया और न ही इस संबंध में कोई मुझसे मिलने आया।'

एनडीए में शामिल होने पर कोई चर्चा नहीं

जब उनसे एनडीए में शामिल होने के बारे में पूछा गया तो कहा, 'राजग में शामिल होने को लेकर कोई चर्चा नहीं हुई है। जब इस बारे में कोई शुरुआत ही नहीं हुई तो इसे खत्म करने का सवाल कहां उठता है।'

 

यह भी पढ़ें: शाहजहांपुर में नकली नोटों का बड़ा नेटवर्क बेनकाब, पति-पत्नी समेत 5 गिरफ्तार

विधायकों से कोई फीडबैक नहीं मांगा: सुनेत्रा

महाराष्ट्र की सियासत में चर्चा थी कि सुनेत्रा पवार ने अपने विधायकों से विलय पर राय मांगी थी। हालांकि इंडियन एक्सप्रेस से बातचीत में उन्होंने साफ इनकार किया और कहा कि विलय पर कोई फीडबैक नहीं मांगा। यह पहली बार है जब सुनेत्रा पवार ने खुलकर विलय से इनकार किया।