बदलती जीवनशैली के चलते डिप्रेशन और एंग्जायटी के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। हरियाणा में भी ऐसे मामले कम नहीं है। युवा वर्ग में ये मामले ज्यादा देखने को मिल रहे हैं। ग्रामीण और अर्बन एरिया की बात करें तो अर्बन एरिया का आंकड़ा अधिक है। शहरीकरण, शैक्षणिक दबाव, आर्थिक परेशानी, लंबी बीमारी, वर्क लोड आत्महानि, सामाजिक तुलना, स्क्रीन की लत और करियर की अनिश्चितता, डिजिटल उपकरणों के अत्यधिक उपयोग, बदलती पारिवारिक संरचनाओं, वित्तीय तनाव, मादक द्रव्यों के सेवन और जीवनशैली में बदलाव के कारण डिप्रेशन और एंग्जायटी के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग इसका डेटा एकत्रित करने के साथ जिलावार मानसिक स्वास्थ्य डैशबोर्ड, वास्तविक समय में टेली-मानस निगरानी भी कर रहा है।
स्वास्थ्य विभाग के रिकॉर्ड के अनुसार वर्ष 2015-16 में हरियाणा में 5.25 प्रतिशत युवा डिप्रेशन का शिकार थे। वहीं 1.34 प्रतिशत युवा एंग्जायटी का शिकार थे। वर्ष 2024 में ये आंकड़ा बढ़कर शहरी एरिया में 23.7 और ग्रामीण एरिया में 18.03 प्रतिशत पहुंच गया। इनमें ग्रामीण एरिया में डिप्रेशन के 9.05 प्रतिशत तो शहरी एरिया में 12.08 प्रतिशत युवा थे। वहीं एंग्जायटी के मामले ग्रामीण एरिया में 7.02 प्रतिशत तो शहरी एरिया में 9.08 प्रतिशत रहे। साल दर साल ये आंकड़ा बढ़ता जा रहा है।
स्वास्थ्य विभाग की तरफ से इसको लेकर टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया हुआ है। नवंबर 2022 को लांच हुए इस टोल-फ्री नंबर पर इस साल 10 हजार के करीब ऐसे लोगों के फोन आ चुके हैं, जो डिप्रेशन व एंग्जायटी के शिकार हैं। इनमें गुरुग्राम से सबसे ज्यादा फोन आए। इसके बाद दूसरे नंबर पर फरीदाबाद और करनाल रहे। फोन करने वालों में 58 प्रतिशत मेल और 42 प्रतिशत फीमेल थी। इनमें 5 प्रतिशत कॉल बच्चों में डिप्रेशन की समस्या को लेकर आई।
यह भी पढ़ें: हरियाणा में नर्सिंग ऑफिसर्स की हड़ताल से पहले फोन टैपिंग का आरोप, क्या है विवाद?
15 प्रतिशत लोग ले रहे उपचार
शहरी एरिया में वर्क लोड के कारण तो ग्रामीण एरिया में आर्थिक तंगी से स्ट्रेस के मामले ज्यादा आए। शहरी एरिया में शैक्षणिक दबाव के तो ग्रामीण एरिया में मादक पदार्थों के सेवन के कारण ये अधिक मामले सामने आए। शहरी एरिया में बदलती जीवनशैली को लेकर ये मामले अधिक सामने आए तो वहीं ग्रामीण एरिया में पुरानी बीमारी को लेकर डिप्रेशन के मामले अधिक सामने आए।
जबकि हरियाणा में डिप्रेशन व एंग्जायटी के शिकार लोग इसके उपचार में काफी लापरवाही बरतते हैं। सरकारी आंकड़ों के अनुसार, हरियाणा में 100 में से 15 प्रतिशत लोग ही उपचार लेते हैं। इसकी मुख्य वजह जागरूकता की कमी है।
यह भी पढ़ें: हरियाणा: टीबी नियंत्रण पर स्वास्थ्य विभाग का फोकस, हर साल 90 हजार मरीज डिटेक्ट
फरीदाबाद में सबसे अधिक केस
हरियाणा में डिप्रेशन व एंग्जायटी के सबसे अधिक मामले फरीदाबाद में दर्ज किए गए हैं। उसके बाद दूसरे नंबर पर गुरुग्राम, पानीपत, सोनीपत, रोहतक और पलवल हैं। तीसरे नंबर पर कुरुक्षेत्र, हिसार, कैथल, झज्जर, रेवाड़ी, सिरसा, फतेहाबाद, यमुनानगर, भिवानी, चरखी-दादरी, महेंद्रगढ़ व नूंह हैं। वहीं पंचकूला व अंबाला में सबसे कम मामले दर्ज किए गए हैं।
यह भी पढ़ें: हरियाणा के सरकारी अस्पतालों में दवा का पूरा हिसाब देना होगा, QR कोड भी लागू
क्या है डिप्रेशन व एंग्जायटी?
डिप्रेशन के शिकार व्यक्ति का मन हर समय परेशान रहता है। एनर्जी लेवल कम हो जाता है। आत्महत्या के ख्याल मन में आते हैं। हर समय स्वयं को किसी न किसी कारण से दोषी समझने लगता है। एक्टिविटीज में इंटरेस्ट कम होने लगता है। वहीं एंग्जायटी के शिकार व्यक्ति को नींद न आने की समस्या रहती है। घबराहट महसूस होती है। किसी भी कार्य पर ध्यान केंद्रीत नहीं कर पाता। हर समय मन भयभीत रहता है। स्वभाव चिढ़Þचिढ़ा हो जात है।
यह भी पढ़ें: हरियाणा में बिना लाइसेंस रिन्यू के प्रैक्टिस कर रहे 4000 डॉक्टर, एक्शन की तैयारी
2031 तक डिप्रेशन मुक्त हरियाणा का लक्ष्य
हरियाणा स्वास्थ्य विभाग का लक्ष्य 2031 तक डिप्रेशन मुक्त हरियाणा बनाने का है। जिसको लेकर कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जिनकी टैग लाइन स्वस्थ मन, मजबूत हरियाणा। हर नागरिक के लिए मानसिक स्वास्थ्य। करुणा, देखभाल और समुदाय। कलंक मुक्त हरियाणा की ओर। मन मायने रखता है। युवाओं में डिप्रेशन व एंग्जायटी के मामलों में सुधार के लिए स्कूल और कॉलेज में मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम आयोजित कर परीक्षा के करण तनाव में जाने वाले छात्रों से संवाद किया जा रहा है। स्क्रीन की लत से होने वाले नुकसान के बारे में जागरूक किया जा रहा है।
2031 तक लक्ष्य है कि डिप्रेशन व एंग्जायटी के शिकार प्रत्येक व्यक्ति तक पहुंच बनाई जाए। सभी जिलों में जिला मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम (डीएमएचपी) को मजबूत कर मेडिकल कॉलेजों और प्रमुख अस्पतालों में मानसिक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाई जाएं। ग्रामीण और शहरी हरियाणा में टोल-फी हेल्पलाइन टेली-मानस की पहुंच का विस्तार करना। जिला और ब्लॉक स्तर पर परामर्श और मनोरोग सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करना। उपचार अंतर को कम करना। शीघ्र पहचान और समय पर रेफरल प्रणाली। सामुदायिक स्क्रीनिंग और आउटरीच कार्यक्रम का लाक्ष्य है।