गुजरात के वडोदरा जिले में बुधवार तड़के एक दर्दनाक हादसा हुआ। हाइवे पर तेज रफ्तार में जा रही एक प्राइवेट बस सड़क के किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई। यह टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह से तबाह हो गया। हादसे में अभी तक 6 लोगों की मौत हो गई और 20 से ज्यादा लोग घायल हो गए। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस और प्रशासन की टीम ने लोगों को निकालने के लिए राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) को भी बुलाया। बस कोई कई जगहों से काटा गया और तब जाकर लोगों को निकाला जा सका।

 

पुलिस के अनुसार, यह हादसा वडोदरा-हालोल राजमार्ग पर कोटांबी गांव के पास तड़के करीब 4 बजे हुआ। वडोदरा के जिला पुलिस अधीक्षक सुशील अग्रवाल ने बताया कि राजस्थान से गुजरात के सूरत जा रही लग्जरी बस, ट्रक के पिछले हिस्से से टकरा गई। न्होंने बताया कि ट्रक सड़क किनारे खड़ा था और उसका ड्राइवर टायर में हवा का प्रेशर चेक कर रहा था, तभी तेज रफ्तार बस ने उसे पीछे से टक्कर मार दी।

 

यह भी पढ़ें: खाने की कमी पूरी करने के लिए छोड़े थे खरगोश, ऐसी तबाई मचाई कि सबके होश उड़ गए

 

पुलिस ने क्या-क्या बताया?

सुशील अग्रवाल ने आगे कहा, ‘टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में छह लोगों की मौत हो गई जबकि करीब 20 अन्य घायल हो गए। घायलों को अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।’ अधिकारी ने बताया कि बस में सवार अधिकतर यात्री राजस्थान के थे। हादसे की सूचना मिलने के बाद वडोदरा ग्रामीण के जरोद थाने के कर्मी मौके पर पहुंचे और बचाव अभियान शुरू किया। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि बस को हुए भारी नुकसान को देखते हुए बचाव कार्य में मदद के लिए राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) के दलों को भी बुलाया गया। उन्होंने कहा कि मामले की जांच जारी है।

इस हादसे के बारे में कोटंबी गांव के सरपंच अरविंद सोलंकी ने बताया, 'सुबह एक बस और एक ट्रक का एक्सीडेंट हुआ। इस बस में लगभग 45-46 लोग सवार थे। घटनास्थल पर ही 5 लोगों की मौत हो गई थी। 10 एंबुलेंस, पुलिस, एनडीआरएफ सबकी टीम आई थी। बस को काटकर लोगों को निकालना पड़ा। हादसे तो यहां होते रहते हैं लेकिन यह बहुत गंभीर हादसा था।'

 

यह भी पढ़ें: 'मैंने तो ऑटो से कमाए', 50 करोड़ की संपत्ति वाले आरोपों पर टिन्नू का जवाब

 

फिलहाल, घायलों को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है और उनका इलाज चल रहा है। प्रशासन ने क्रेन और जेसीबी मशीनों की मदद से बस को हटवाकर रास्ते को चालू करवा दिया है।