महाराष्ट्र के पुणे आईटी हब हिंजवड़ी से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर ने गर्लफ्रेंड से झगड़े के बाद कथित तौर पर पीट-पीटकर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी ने खुध पुलिस को फोन किया और एंबुलेंस बुलाने को कहा। घटना सोमवार की है, पुलिस के मुताबिक, लड़की की पहचान विदर्भ के वर्धा जिले की रहने वाली कोमल डहाले के रूप में हुई है। वहीं आरोपी शुभम कालबांडे भी उसी क्षेत्र के बुलढाणा जिले का रहने वाला है।  

 

पुलिस उपायुक्त प्रदीप जाधव ने बताया कि दोनों हिंजवड़ी स्थित दो बड़ी आईटी कंपनियों में सॉफ्टवेयर इंजीनियर के तौर पर काम करते थे और पेशे के कारण ही एक-दूसरे के संपर्क में आए थे। दोनों पिछले साढ़े तीन साल से रिश्ते में थे। हालांकि, पिछले दो-तीन महीने से कुछ मुद्दों को लेकर उनके बीच अक्सर झगड़े हो रहे थे।  

 

यह भी पढ़ें: कन्नौज में खड़ी हुई स्कूल बस में ट्रक की टक्कर से चार बच्चों की मौत, कुल 32 घायल

झगड़े के बाद कर दी हत्या

पुलिस ने बताया कि दोनों पिछले साढ़े तीन साल से रिश्ते में थे। हालांकि, पिछले दो-तीन महीने से कुछ मुद्दों को लेकर उनके बीच अक्सर झगड़े हो रहे थे। पुलिस  के मुताबिक, रविवार रात दोनों एक होटल में खाना खाने गए और बाद में हिंजवड़ी पुलिस थाना क्षेत्र के सखारे बस्ती स्थित प्रिस्टीन पीजी में डहाले के कमरे पर लौट आए, जहां वह रहती थीं।

रात करीब 12.30 बजे दोनों के बीच झगड़ा शुरू हुआ। कहासुनी ने तड़के करीब तीन बजे हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि गुस्से में कालबांडे ने डहाले पर कई बार मुक्कों से हमला किया, जिससे उनकी मौत हो गई। 

हत्या के बाद खुद किया पुलिस को फोन

पुलिस अधिकारी ने बताया कि सुबह करीब 6.30 बजे आरोपी ने खुद पुलिस को फोन किया और एंबुलेंस भेजने को कहा। पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और पूछताछ की। जांच के दौरान पता चला कि कालबांडे ने अपनी प्रेमिका पर जानलेवा हमला किया था। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है। इस मामले की जांच जारी है।