दिल्ली जल बोर्ड की परियोजनाओं के लोकार्पण समारोह के दौरान केंयद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने दावा किया है कि इस बार पंजाब में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) की सरकार बनेगी। अमित शाह के इस बयान को भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) और शिरोमणि अकाली दल के बीच गठबंधन के संकेत के रूप में देखा जा रहा है। वहीं शुक्रवार को शिरोमणि अकाली दल अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने गठबंधन को लेकर अपना रुख साफ कर दिया।
सुखबीर सिंह बादल ने कहा कि अकाली दल कांग्रेस और आम आदमी पार्टी (आप) को छोड़कर समान विचारधारा वाले किसी भी दल के साथ गठबंधन के लिए तैयार है। सुखबीर सिंह बादल ने कांग्रेस और AAP को पंजाब का दुश्मन बताया।
यह भी पढ़ें: तमिलनाडु: बीफ खाने पर स्कूल में उड़ाया मजाक, 16 साल के छात्र ने की खुदकुशी
अगले चुनाव में आप पार्टी खत्म हो जाएगी: अमित शाह
अमित शाह ने दिल्ली जल बोर्ड की परियोजनाओं के लोकार्पण समारोह में कहा, 'आप सरकार में नशे का व्यापार बढ़ा है। मैं हाल ही में पंजाब गया था और नशे से प्रभावित परिवारों से मिला। पंजाब की जनता ने तय कर लिया है कि इस बार वहां NDA की सरकार बनेगी।'
उन्होंने अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधते हुए कहा कि बहानों की राजनीति नहीं चलेगी, नतीजे चाहिए। दिल्ली हारने के बाद आपने पंजाब पर फोकस किया है। आप मुख्यमंत्री को काम करने भी नहीं दे रहे। अगले चुनाव में आप पार्टी खत्म हो जाएगी और हम 2029 तक पंजाब से नशा मिटा देंगे।
सुखबीर सिंह बादल ने भी दिए गठबंधन के संकेत
अमित शाह के बयान के बाद शुक्रवार को शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने गठबंधन को लेकर अपना रुख साफ कर दिया। उन्होंने कहा कि अकाली दल कांग्रेस और आम आदमी पार्टी (आप) को छोड़कर समान विचारधारा वाले किसी भी दल के साथ गठबंधन के लिए तैयार है। बादल ने कांग्रेस और आप को पंजाब का दुश्मन बताया।
सुखबीर सिंह बादल कहा कि अकाली दल उन दलों के साथ काम करने को तैयार है जो उसकी विचारधारा से सहमत हों। पार्टी पंजाब और यहां के लोगों के हितों को ध्यान में रखकर ही कोई फैसला लेगी। उन्होंने साफ किया है कि कांग्रेस और आप के साथ किसी भी हालत में गठबंधन नहीं होगा।
2020 में अलग हो गई थी दोनों पार्टी
साल 2020 में कृषि कानूनों को लेकर भारतीय जनता पार्टी और अकाली दल अलग हो गए थे। बताया जा रहा है कि दोनों दलों के बीच बैकचैनल बातचीत चल रही है। हालांकि, पंजाब में बीजेपी अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने कहा है कि पार्टी सभी 117 सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है। अमित शाह के बयान और सुखबीर सिंह बादल के रुख के बाद पंजाब की राजनीति में गठबंधन की चर्चा तेज हो गई है।
