बिहार की राजधानी पटना में हुए हाई-प्रोफाइल कोचिंग विवाद मामले में बेल मिलने के बाद ज्ञान बिंदु GS एकेडमी के डायरेक्टर रोशन आनंद एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने फैजल खान के साथ-साथ बिहार पुलिस पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं। बेउर जेल से रिहा होने के बाद उन्होंने दावा किया उन्हें जेल में ही मारने की साजिश रची गई थी। रौशन आनंद ने यह भी आरोप लगाया कि फैजल खान ने उन्हें जेल भिजवाने के लिए करोड़ों रुपये खर्च किए।

 

रौशन आनंद ने आरोप लगाया कि कौन नेता खान सर को जेल भेजने से बचा रहा है। रौशन आनंद ने मांग की कि उनके भाई प्रिंस यादव की मौत की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उन्होंने मामले की CBI जांच और दोबारा पोस्टमार्टम कराने की मांग की है।

 

यह भी पढ़ें: अब गुजरात में क्यों शुरू हुआ किसान आंदोलन? विवाद की पूरी वजह जानिए

रौशन आनंद ने फैजल खान पर लगाए आरोप 

रौशन आनंद ने कहा, 'जिस मकान मालिक के यहां कोचिंग चलती थी उसके बेटे ने करोड़ों रुपये का जिम खोल लिया है। आखिर उसके पास इतना पैसा कहां से आया? वह पूरा कैश का कारोबार करता है। जेल में एक गार्ड के जरिए मुझे मरवाने की कोशिश की गई थी। फैजल खान झूठा आदमी है। कुछ खास गार्डों से जबरदस्ती बयान दिलवाए गए। जिन गार्डों का नाम लिया गया, वे उसके नहीं बल्कि कोचिंग सेंटर के कर्मचारी थे।'

 

यह भी पढ़ें: 'फैजल खान ने मेरे भाई की हत्या कराई...' जेल से बाहर आते ही बोले रौशन आनंद

 

रौशन आनंद ने खान सर पर आरोप लगाते हुए कहा, 'मुझे साजिश के तहत जेल भिजवाया गया और मेरे भाई की हत्या के पीछे भी फैजल खान का ही हाथ है। जहां तक फैजल खान की गिरफ्तारी का सवाल है, मैं पूछना चाहता हूं कि आखिर कौन-सा नेता उसे बचा रहा है? फैसल खान ने मुझे जेल भिजवाने के लिए करोड़ों रुपये खर्च किए। पटना पुलिस ने मुझे लगातार परेशान किया। मुझे डर है कि फैसल खान मेरी भी हत्या करवा सकता है। इसलिए मैं पटना पुलिस से सुरक्षा की मांग करता हूं। मेरे भाई को कोई बीमारी नहीं थी, वह पूरी तरह स्वस्थ था।'

 

रौशन आनंद ने सरकार से मांग करते हुए कहा, 'मेरी सरकार से दो मांगें हैं। पहली, मेरे भाई की मौत की CBI जांच कराई जाए और दूसरी उसका दोबारा पोस्टमॉर्टम कराया जाए। फैसल खान ने मकान मालिक के साथ मिलकर साजिश रची। उसने कई शिक्षकों का करियर बर्बाद किया है और मेरा करियर खत्म करने की भी योजना बनाई थी।'