मध्य प्रदेश के रीवा में एक थाने पर पहुंचे एक नेता को थाना प्रभारी ने जमकर हड़काया। कफ सिरप की तस्करी के केस में गिरफ्तार हुए एक शख्स की पैरवी करने पहुंचे भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नेता बंसीलाल साहू थाने के सामने धरने पर बैठ गए थे। इसी पर थाना प्रभारी इतने भड़क गए कि बीजेपी नेता के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की धमकी दे डाली। उन्होंने थाने के सामने बैठे लोगों को उठाते हुए कहा कि यहां नौटंकी मत करो, तुम्हारी बात सुन ली है और आवेदन ले लिया है। इसी को लेकर दोनों के सामने खूब बहस हुई और बीजेपी नेता ने कहा कि अपनी बात रखना और विरोध करना उनका अधिकार है। 

 

मामला रीवा के सिविल लाइन थाने का है। रिपोर्ट के मुताबिक, एक आइसक्रीम के ठेले 12 सीसी कफ सिरप जब्त किया गया था। इसी केस में पुनीत साहू नाम के शख्स को पुलिस ने पकड़ लिया। बंसीलाल साहू इसी शख्स को छुड़ाने के लिए थाने पहुंचे थे। वह थाने पहुंचे तो वहां कुछ पुलिसकर्मियों ने उनसे वहां से चले जाने को कहा। इसी के खिलाफ वह थाने के गेट पर धरने पर बैठ गए थे। अब उनका कहना है कि थाना प्रभारी ने उनसे बदसलूकी की और उनसे गाली-गलौज की।

 

यह भी पढ़ें: 'चाय खतरे में है मित्तर, चीनी पहुंच गई सत्तर’, इतना लिखने पर सस्पेंड हुए लेखपाल

थाने के सामने क्या हुआ?

सामने आए वीडियो में देखा जा सकता है कि बंसीलाल साहू और उनके कुछ साथी थाने के गेट पर बैठे हुए हैं। इतने में थाना प्रभारी विजय सिंह आते हैं और बंसीलाल के सिर पर हाथ मारते हुए कहते हैं, 'उठ जाओ पहले यहां से। मैंने सब सुन लिया है। यह कोई तरीका नहीं है। ये सब यहां नहीं चलेगा। तूने मुझे फोन क्यों नहीं लगाया? नौटंकी निपोर रहा है यहां? करना है तो कर ले नौटंकी देखता हूं क्या होता है।'

उन्होंने फिर बंसीलाल से उनका नाम पूछने के बाद कहा, 'शासकीय कार्य में बाधा डाल रहा है। क्या नाम है तेरा? अभी तेरे खिलाफ मुकदमा कर दे रहा हूं। फिर मैं बताता हूं तेरे को। यहां क्या कर रहे हो तुम? भगाएं तो भग जाओ तुम। क्या ये तुम्हारे बैठने की जगह है? सम्मान की बात उससे होगी जो सम्मान की बात करेगा। तुम कानून की इज्जत कर रहो क्या? यह भीड़तंत्र नहीं है। मेरी इससे बात हुई थी मैंने इसको बोला था कि आवेदन दे दे। मैं 10 मिनट में आ जाता। क्या तरीका है ये?'  

 

यह भी पढ़ें: पूर्व MLC शाहनवाज राणा के ठिकानों पर ED की छापेमारी, करोड़ों की GST चोरी का आरोप

 

 

वीडियो में देखा जा सकता है कि थाना प्रभारी ने वहां बैठे लोगों से काफी तल्ख लहजे में और तू-तड़ाक करके बात की। इसी को लेकर बीजेपी नेता बंसीलाल साहू और स्थानीय लोगों ने विरोध भी किया।