मुंबई की मेयर रितु तावड़े ने सोशल मीडिया पर अपनी घड़ी को लेकर उठे विवाद पर सफाई पेश की है। उन्होंने दावा किया है कि यह पूरा मामला झूठी और भ्रामक जानकारी पर आधारित है। उन्होंने साफ कहा कि उनके हाथ में दिख रही घड़ी कोई करोड़ों की लग्जरी घड़ी नहीं, बल्कि उनके बच्चों द्वारा जन्मदिन पर दिया गया एक साधारण उपहार है। यह विवाद ऐसे समय सामने आया जब मेयर ने बीएमसी बैठक की अध्यक्षता की थी। बैठक में फर्जी जन्म प्रमाणपत्र जारी करने के मामले पर चर्चा हुई, जिसमें पुलिस अधिकारी और अन्य विभाग शामिल थे।
सोशल मीडिया पर कुछ लोगों ने दावा किया था कि मेयर रितु तावड़े ने 'रोलेक्स डेटोना' घड़ी पहनी है। घड़ी की कीमत 60 से 70 लाख रुपये और भारत में करीब 1 करोड़ रुपये बताई जा रही है। इन दावों पर रितु तावड़े ने कहा कि यह पोस्ट पूरी तरह से झूठी और गुमराह करने वाली है। उन्होंने एक्स पर लिखा कि उन्होंने जो घड़ी पहनी है, वह माइकल कोर्स ब्रांड की है, न कि रोलेक्स की और इसकी कीमत लगभग 15 से 16 हजार रुपये है।
यह भी पढ़ें: BMC में BJP की मेयर उम्मीदवार रितु तावड़े कौन हैं? तय मानी जा रही है जीत
15 हजार की वॉच को लेकर करोड़ों के दावे खारिज
मेयर ने कहा, मुझे ब्रांड्स में कोई दिलचस्पी नहीं है चाहे वह घड़ी हो, साड़ी हो या कोई अन्य चीज। मेरा ध्यान सिर्फ जनता की सेवा पर है। यह एक साधारण घड़ी है, जिसे मेरे बच्चों ने मुझे जन्मदिन पर दिया था। उन्होंने बताया कि विवाद बढ़ने पर उन्होंने अपनी बेटी से घड़ी के बारे में पूछा, तब पता चला कि यह माइकल कोर्स ब्रांड है, जिसकी कीमत करीब 15-16 हजार रुपये है।
यह भी पढ़ें: तेल के पैसे मांगे तो भाग गया थार सवार, पीछा कर रहे सेल्समैन को मारी टक्कर
कौन हैं मेयर रितु तावड़े
44 साल बाद मुंबई में बीजेपी की मेयर बनीं रितु तावड़े घाटकोपर क्षेत्र से तीसरी बार पार्षद चुनी गई हैं। 2012 में पहली बार पार्षद बनीं रितु तावड़े इससे पहले बीएमसी की शिक्षा समिति की अध्यक्ष भी रह चुकी हैं। तावड़े ने राजनीति की शुरुआत कांग्रेस से की थी लेकिन बाद में बीजेपी से जुड़ गईं है।
