बिहार में बेटी की विदाई को लेकर शुरू हुआ मामूला विवाद खून-खराबे में बदल गया। समस्तीपुर के मुसरीघरारी थाना क्षेत्र के रूपौली बनवारा टोला में रविवार देर रात दामाद ने धारदार हथियार से ससुर का गला रेत दिया। हमला इतना खतरनाक था कि 45 वर्षीय विजय दास ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद से आरोपी दामाद फरार है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। इस वारदात से पूरे गांव में सनसनी और मातम का माहौल है।

 

मृतक विजय दास बंघरा टोला, रूपौली के रहने वाले थे। उनकी बेटी की शादी चांदचौर, थाना उजियारपुर निवासी जितेंद्र दास से हुई थी। रविवार रात जितेंद्र अपनी पत्नी को विदा कराने ससुराल पहुंचा था लेकिन किसी कारण से ससुराल वालों ने विदाई से मना कर दिया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई। परिजनों का आरोप है कि बात इतनी बढ़ गई कि गुस्से में आकर जितेंद्र ने जेब से धारदार हथियार निकाला और ससुर की गर्दन पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। विजय दास खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़े और उनकी मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी दामाद मौके से फरार हो गया।

 

यह भी पढ़ें: बिहार: ग्रीन एनर्जी को बढ़ावा, 2600 मेगावाट की दुर्गावती परियोजना में आएगी तेजी

खून से लथपथ शव देख चीख पड़े लोग

घटना की जानकारी मिलते ही घर में कोहराम मच गया। विजय दास का खून से लथपथ शव देखकर घर की महिलाएं चीखने-चिल्लाने लगीं। कुछ ही देर में आसपास के लोग भी जमा हो गए। पूरे गांव में दहशत फैल गई। हर कोई इस खूनी वारदात से सहमा हुआ था। देखते ही देखते पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही मुसरीघरारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए समस्तीपुर सदर अस्पताल भेज दिया। 

 

मामले की गंभीरता को देखते हुए अपर पुलिस अधीक्षक संजय कुमार पांडेय भी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। जांच के लिए फॉरेंसिक साइंस लैब और DIU की टीम को भी बुलाया गया। टीम ने मौके से खून के नमूने और अन्य वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस अब इन्हीं सबूतों के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।

 

यह भी पढ़ें: बिक्रमगंज में दिनदहाड़े लूट ली गहनों की दुकान, CCTV में दिखे 5 हथियारबंद बदमाश

आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी

पुलिस की शुरुआती जांच में मृतक के दामाद जितेंद्र दास को आरोपी बनाया गया है। पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी के लिए उजियारपुर स्थित उसके घर और रिश्तेदारों के यहां छापेमारी शुरू कर दी है लेकिन खबर लिखे जाने तक आरोपी पुलिस के हाथ नहीं लगा था। पुलिस का कहना है कि जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। एसडीपीओ ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला पारिवारिक विवाद का लग रहा है। परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।

 

पोस्टमार्टम रिपोर्ट और FSL की रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। आरोपी को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। गांव के लोगों का कहना है कि विदाई जैसी छोटी बात पर कोई इस हद तक जा सकता है, ये किसी ने नहीं सोचा था। पुलिस अब ये भी पता कर रही है कि विदाई से मना करने के पीछे क्या वजह थी। क्या पहले से दोनों परिवारों में कोई विवाद चल रहा था।