दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के नेतृत्व में आयोजित छात्र प्रदर्शन के दौरान बरेली के दो युवकों से कथित मारपीट का मामला अब सत्यम पंडित पर भारी पड़ता दिख रहा है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद गाजियाबाद पुलिस ने आरोपी का पूरा आपराधिक रिकॉर्ड खंगाला और अब उसके खिलाफ गुंडा ऐक्ट के तहत कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक, सत्यम पंडित पर हत्या समेत आठ गंभीर आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं और वह फिलहाल सभी मामलों में जमानत पर बाहर है।
NEET समेत विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक और अन्य अनियमितताओं के विरोध में दिल्ली में सीजेपी के नेतृत्व में छात्र प्रदर्शन किया गया था। इसी दौरान बरेली से आए दो युवकों के साथ कथित मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ। मामला तूल पकड़ने के बाद पुलिस ने आरोपी सत्यम पंडित की गतिविधियों और आपराधिक इतिहास की विस्तृत जांच शुरू की।
हत्या समेत आठ मुकदमों का आरोपी
पुलिस के अनुसार, गाजियाबाद के पटेल नगर के निवासी सत्यम पंडित के खिलाफ जिले के विभिन्न थानों में कुल आठ मुकदमे दर्ज हैं। इनमें हत्या, मारपीट और अन्य गंभीर धाराओं के मामले शामिल हैं। नंदग्राम थाने में दो, कोतवाली में तीन, इंदिरापुरम में एक और सिहानी गेट थाने में दो मुकदमे दर्ज हैं। उसका पहला मुकदमा वर्ष 2022 में सिहानी गेट थाने में दर्ज हुआ था। पुलिस सभी मामलों में आरोप पत्र अदालत में दाखिल कर चुकी है और आरोपी फिलहाल जमानत पर बाहर है।
यह भी पढ़ें: यूपी के पूर्व मंत्री की 7वीं मंजिल से गिरने से मौत, भाई ने लगाए BJP पर आरोप
दिल्ली की घटना के बाद सत्यम पंडित का एक और वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया, जिसमें उसने कांवड़ यात्रा में मुस्लिम अधिकारियों, विशेषकर एसीपी नंदग्राम जियाउद्दीन अहमद की ड्यूटी लगाए जाने पर आपत्ति जताई थी। इसके बाद पुलिस ने उसके पुराने मामलों की दोबारा समीक्षा शुरू की और उसके आपराधिक इतिहास को आधार बनाकर कड़ी कार्रवाई की प्रक्रिया तेज कर दी।
संगठन भी चलाता है आरोपी
पुलिस अधिकारियों के अनुसार सत्यम पंडित 'राष्ट्रीय वीर हिंदू सेना' नाम का संगठन संचालित करता है। इससे पहले भी मीट कारोबारियों को कथित तौर पर धमकाने का वीडियो वायरल होने के बाद उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस का कहना है कि आरोपी की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है।
यह भी पढ़ें: 5 साल का इश्क फिर नया प्यार, पूर्व प्रेमी बना रोड़ा पति संग रची मौत की साजिश
एसीपी नंदग्राम जियाउद्दीन अहमद ने बताया कि सत्यम पंडित के खिलाफ दर्ज सभी आठ मुकदमों का रिकॉर्ड जुटा लिया गया है। उसके आपराधिक इतिहास को देखते हुए अब उसके खिलाफ गुंडा एक्ट के तहत कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने और भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए यह कदम उठाया जा रहा है।
