कर्नाटक के खाद्य सुरक्षा एवं औषधि विभाग ने अमेजन, स्विगी इंस्टामार्ट और बिगबास्केट जैसे ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म के लाइसेंस रद्द किए हैं। फूड सेफ्टी विभाग के अधिकारियों ने देखा कि इन प्लेटफॉर्म पर धतूरा बेचा जा रहा था, जबकि धतूरा लोगों की सेहत के लिए बेहद हानिकारक है। इसी सिलसिले में फूड सेफ्टी विभाग ने इन ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म को नोटिस भेजा था, जिसके बाद कंपनियों के लाइसेंस तक रद्द कर दिए गए।

 

ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म्स पर धतूरा बेचा जा रहा था। फूड सेफ्टी विभाग ने जांच-पड़ताल में पाया कि धतूरे के पैकेट पर भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (FSSAI) का रजिस्ट्रेशन नंबर भी लिखा हुआ था। फूड सेफ्टी विभाग के मुताबिक, धतूरा कंपनियों के गोदामों में रखा गया था, जिसे ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर बेचा जा रहा था। इसी वजह से इन कंपनियों को नोटिस भेजा गया था, जिस पर अमेजन कंपनी ने कोई जवाब नहीं दिया।

 

यह भी पढ़ें: तेजस्वी के खिलाफ पटना में FIR दर्ज, BJP के खिलाफ आपत्तिजनक पोस्ट करना पड़ा भारी

 कंपनियों को मिला नोटिस

इस मामले को लेकर फूड सेफ्टी विभाग ने कहा कि धतूरा जैसे फल को बेचना सही नहीं है। साथ ही, इस तरह के फलों को बेचने और उनका प्रचार करने से लोगों की सेहत के लिए खतरा पैदा हो सकता है। इसी वजह से कंपनियों को नोटिस भेजा गया था।

 

फूड सेफ्टी विभाग का नोटिस मिलने पर अमेजन कंपनी ने कोई जवाब नहीं दिया। स्विगी इंस्टामार्ट ने नोटिस के जवाब में दस्तावेज देने के लिए समय मांगा है। इसके अलावा, बिगबास्केट कंपनी ने बताया कि उनके प्लेटफॉर्म पर धतूरे की बिक्री रोक दी गई है।

 

यह भी पढ़ें: 'बिहार में गंभीर आर्थिक संकट, खजाना खाली', तेजस्वी ने बिहार सरकार पर उठाए सवाल

 फूड सेफ्टी विभाग का आदेश

खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत विभाग ने आदेश जारी किया है। विभाग ने बताया कि धतूरे की बिक्री और प्रचार पर पूरी तरह रोक लगाई जाए। साथ ही, फूड सेफ्टी विभाग ने अमेजन, स्विगी इंस्टामार्ट और बिगबास्केट के फूड लाइसेंस अगले आदेश तक रद्द कर दिए हैं।

 

फूड सेफ्टी विभाग के अधिकारियों ने साफ तौर पर निर्देश दिया कि अगर नियमों का पालन नहीं किया गया, तो कंपनियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। कर्नाटक सरकार ने इस कार्रवाई को उपभोक्ताओं की सुरक्षा के लिए अहम कदम माना है।