उत्तर प्रदेश के बरेली में एक प्राइवेट हॉस्पिटल से सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक हॉस्पिटल के हॉस्टल में रहने वाली एक नर्स की मौत हो गई है। पुलिस का मानना है कि शायद नर्स ने सुसाइड किया है क्योंकि नर्स और उनके पति के बीच विवाद चल रहा था। बीते रात नर्स ने पति को कई बार कॉल और मैसेज किया था लेकिन नर्स के पति ने उनका नंबर ब्लॉक कर दिया था। जिस वजह से नर्स की मौत हो गई। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है। अभी तक यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि मौत क्यों हुई है।
यह घटना रविवार की है। मृत नर्स का नाम प्रियंका है, जो हॉस्टल में एक और लड़की के साथ रहती थी, जिसका नाम आस्था है। प्रियंका शनिवार की रात को हॉस्पिटल में ड्यूटी कर रही थी, फिर तबीयत खराब होने की बात कहकर कमरे में वापस आ जाती है। उस वक्त रूममेट आस्था हॉस्पिटल में होती है। जब दोपहर में आस्था अपने कमरे में जाती है, तो वह प्रियंका को बेहोशी की हालत में देखती है, जिसके बाद वह प्रियंका को हॉस्पिटल में ले जाती है। हॉस्पिटल के डॉक्टर प्रियंका को दोपहर 12 बजे मृत घोषित कर देते हैं।
यह भी पढ़ें: चुनाव पहले ममता का दांव, 10वीं पास बेरोजगार युवाओं को देंगी 1500 रुपये
शक ने ली प्रियंका की जान?
प्रियंका की शादी 2014 में हुई थी। उनके पति का नाम सुनील है। सुनील भी नर्स था। दोनों दंपत्ति के बीच कई दिनों से मतभेद चल रहा था, जिस वजह से प्रियंका पिछले 6 महीने से सुनील से अलग हॉस्पिटल के हॉस्टल में रह रही थी।
प्रियंका की मौत के बाद पुलिस ने सुनील से पूछताछ की है। इस पूछताछ में सुनील पुलिस को बताते हैं कि प्रियंका पर उन्हें शक था, जिस वजह से दोनों के बीच हमेशा झगड़ा होता था। इसके बाद प्रियंका घर छोड़ देती है और हॉस्टल में रहने लगती है। प्रियंका पिछले कई दिनों से आर्थिक चुनौती का सामना कर रही थी, इसलिए कुछ दिन पहले बुटीक खोली थी। प्रियंका के माता-पिता ने सुनील पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
यह भी पढ़ें: खस्ताहाल पंजाब सरकार महिलाओं को हर महीने देगी 1000 रुपये, किनको नहीं मिलेगा?
प्रियंका के कॉल डिटेल्स ने खोला मौत का राज
प्रियंका की मौत के बाद पुलिस मामले की जांच कर रही है। इस जांच के दौरान पुलिस प्रियंका के मोबाइल की डिटेल्स देखती है। जिसके बाद पुलिस को पता चलता है कि प्रियंका ने शनिवार की रात को कई बार सुनील को फोन किया था, साथ ही कई मैसेज भी किए थे। पुलिस के अनुसार प्रियंका ने 63 व्हाट्सएप कॉल, 47 मैसेज और एक वॉइस नोट भेजा था। इन सभी मैसेज में प्रियंका सुनील को सॉरी बोलती है और अपनी गलती सुधारने की बात करती है। इससे यह साफ होता है कि प्रियंका अपने पति से किसी गलती के लिए माफी मांग रही थी और अपनी गलती सुधारने के लिए कह रही थी।
पुलिस अधिकारी धनंजय पांडेय ने बताया है कि अभी तक कमरे से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। प्रियंका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है ताकि पता लगाया जा सके कि मौत की वजह क्या है।
