महाराष्ट्र के नांदेड़ में शिरोमणि अकाली दल के नेता सुखबीर सिंह बादल पर हमला हुआ है। शरुआती जानकारी के मुताबिक, नांदेड़ पुलिस के मुताबिक उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। समाचार एजेंसी PTI के अनुसार, सुखबीर सिंह बादल पर एक गुरुद्वारे के अंदर हमला किया गया, जिसमें बादल के हाथ में चोट आई। गुरुद्वारे से लौटने के दौरान एक निहंग सिख ने कृपाण से उन पर हमला करने की कोशिश की। सुरक्षाकर्मियों ने हमलावर को तुरंत पकड़ लिया।
अकाली दल के सूत्रों के मुताबिक, उनकी हालत खतरे से बाहर है और हाथ में टांके लगाए गए हैं। हमले के दौरान उनकी सुरक्षा में तैनात एक सुरक्षाकर्मी भी घायल हुआ है। पुलिस ने हमलावर को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ें: चंडीगढ़: SBI ने आयोजित की PM विश्वकर्मा प्रदर्शनी, कारीगरों को मिल रहा मंच
कैसे हुआ हमला?
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, हमलावर ने सुखबीर बादल के पेट पर कृपाण से वार करने की कोशिश की थी। इसी दौरान सुरक्षाकर्मी ने बीच में आकर उसे रोक दिया। इस दौरान बादल के हाथ में चोट लग गई। हमले के बाद सामने आए वीडियो में वह दाहिने हाथ पर भगवा कपड़ा बांधे हुए नजर आए। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सुरक्षाकर्मियों की मुस्तैदी की वजह से हमलावर को मौके पर ही पकड़ लिया गया। पुलिस अभी हमले के मकसद और हमलावर की पहचान के बारे में जानकारी इकट्ठा कर रही है।
हमले के कुछ समय पहले सुखबीर सिंह बादल अपने परिवार के साथ तख्त श्री हुजूर साहिब पहुंचे थे। उनकी पत्नी और अकाली दल की सांसद हरसिमरत कौर बादल भी उनके साथ थीं। दर्शन के बाद लौटते समय शहर के बाहरी इलाके में यह घटना हुई है। आपको बता दें कि सुखबीर बादल को पहले से ही उच्च स्तर की सुरक्षा मिली हुई है। खतरे की आशंका को देखते हुए उन्हें Z-प्लस सुरक्षा कवर दिया गया है।
यह भी पढ़ें: 3 हजार करोड़ खर्च, फिर भी मैली है गोमती नदी, आखिर कब रुकेगा नालों का गंदा पानी?
सुखबीर बादल पर पहले भी हुआ है हमला
सुखबीर सिंह बादल पर इससे पहले 4 दिसंबर 2024 को अमृतसर के स्वर्ण मंदिर के बाहर भी हमले की कोशिश हुई थी। उस समय वह अकाल तक्त साहिब की ओर से सुनाई गई धार्मिक सजा के तहत सेवादार की ड्यूटी कर रहे थे। एक हमलावर ने उन पर गोली चलाने की कोशिश की थी लेकिन सुरक्षाकर्मियों ने उसे तुरंत काबू कर लिया था।
