कांग्रेस से गठबंधन की बातचीत के बीच समाजवादी पार्टी ने एक और लिस्ट जारी कर दी है। सपा ने रविवार को 11 विधानसभा सीटों पर स्पेशल समरी रिवीजन (एसएसआर) पीडीए प्रभारी नियुक्त किए। इससे पहले 24 नवंबर को पार्टी ने पांच विधानसभा सीटों पर अपने उम्मीदवारों के नाम घोषित किए थे। इनमें सहारनपुर, बेहट, कैराना, अमरोहा और ललितपुर सीट शामिल थीं। इसके बाद 26 नवंबर को पार्टी ने अपना चुनावी घोषणापत्र भी जारी किया था। अब पार्टी ने बागपत, गाजियाबाद, मथुरा समेत आठ जिलों की 11 विधानसभा सीटों पर पीडीए प्रभारियों की नियुक्ति की है। समाजवादी पार्टी गठबंधन को लेकर कांग्रेस पर लगातार दबाव बना रही है।
पार्टी ने बागपत की बड़ौत, गाजियाबाद की लोनी और गाजियाबाद सीट, गौतमबुद्धनगर की नोएडा, हाथरस की हाथरस और सादाबाद, मथुरा की छाता और मांट, आगरा की बाह, शाहजहांपुर की तिलहर और जालौन की कालपी विधानसभा सीट पर प्रभारी नियुक्त किए हैं। इन नेताओं को प्रभारी बनाया गया है, उम्मीदवार घोषित नहीं किया गया है। हालांकि, इनमें से कुछ नेता आगामी विधानसभा चुनाव में टिकट के दावेदार हो सकते हैं।
किस विधानसभा सीट पर किसे बनाया प्रभारी?
समाजवादी पार्टी की ओर से जारी सूची के मुताबिक, 11 विधानसभा क्षेत्रों में नियुक्त किए गए प्रभारियों के नाम इस प्रकार हैं-
- बड़ौत (बागपत): सुखेंद्र तोमर
- लोनी (गाजियाबाद): अनिल कसाना
- गाजियाबाद: अभिषेक गर्ग
- नोएडा (गौतमबुद्धनगर): मुकेश शर्मा
- हाथरस: रामनारायण काके
- सादाबाद (हाथरस): देवेंद्र अग्रवाल
- छाता (मथुरा): लोकमणि जादौन
- मांट (मथुरा): संजय लाठर
- बाह (आगरा): कृष्ण वर्मा निषाद
- तिलहर (शाहजहांपुर): रौशनलाल वर्मा
- कालपी (जालौन): श्रीराम पाल
यह भी पढ़ें: BJP पूछती थी राम मंदिर कब जाएंगे अखिलेश यादव? सपा ने तारीख बता दी
क्या है एसएसआर पीडीए प्रभारी?
पार्टी की सूची में इन नेताओं को ‘एसएसआर पीडीए विधानसभा प्रभारी’ बताया गया है। एसएसआर यानी स्पेशल समरी रिवीजन मतदाता सूची को अपडेट करने की प्रक्रिया है। इसके तहत मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने और गलतियों को सुधारने का काम किया जाता है। हालांकि, पार्टी की ओर से जारी सूची में इन प्रभारियों की जिम्मेदारियों का विस्तार से उल्लेख नहीं किया गया है। फिलहाल पार्टी ने केवल 11 विधानसभा क्षेत्रों के लिए प्रभारियों के नाम घोषित किए हैं।
यह भी पढ़ें: शरद पवार ने कब-कब बदला अपना राजनीतिक रास्ता, बगावत से गठबंधन तक की कहानी
कांग्रेस पर दबाव बनाने की कोशिश?
2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच गठबंधन की चर्चा चल रही है। लोकसभा चुनाव में दोनों दलों ने साथ मिलकर चुनाव लड़ा था और अब विधानसभा चुनाव में भी गठबंधन की संभावना है। हालांकि, सीटों के बंटवारे को लेकर अभी स्थिति साफ नहीं है। इस बीच दोनों पार्टियों के स्थानीय नेता एक-दूसरे के खिलाफ बयानबाजी भी कर रहे हैं। ऐसे में समाजवादी पार्टी की ओर से लगातार सीटों पर तैयारी और प्रभारियों की नियुक्ति को कांग्रेस के साथ बातचीत में अपनी स्थिति मजबूत करने की कोशिश के तौर पर भी देखा जा रहा है।
