महाराष्ट्र के ठाणे जिले में रहने वाले एक छात्र ने 12वीं कक्षा की परीक्षा में 95.7 प्रतिशत आए थे। इसके बावजूद उसे अपनी पसंद के कॉलेज में एडमिशन नहीं मिल पाया। इसके बाद छात्र बेहद दुखी और परेशान हो गया। पुलिस ने इस मामले की जांच-पड़ताल की थी। मृत छात्र के पिता गम के साये में डूबे हुए हैं।
यह मामला ठाणे के घोड़बंदर रोड स्थित हीरानंदानी इलाके में रहने वाले एक छात्र का है। छात्र ने 4 सितंबर की शाम को 17 साल की उम्र में अपनी जान दे दी। पुलिस के मुताबिक, मृत छात्र ने आत्महत्या करने से पहले व्हाट्सऐप पर अपने परिवार को मैसेज किए थे। जब परिवार वालों ने मैसेज देखे, तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
यह भी पढ़ें: 'जैसा बाप वैसी शर्मनाक बेटी', महुआ मोइत्रा ने नोएडा की DM मेधा को यह क्यों कहा?
नहीं मिला कॉलेज में एडमिशन
छात्र के परिवार के मुताबिक, छात्र की ख्वाहिश थी कि वह इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग साइंस एंड टेक्नोलॉजी में एडमिशन ले। उसकी इच्छा थी कि वह बीएस-एमएस की पढ़ाई करे। हालांकि, एंट्रेंस एग्जाम में उसकी रैंक उम्मीद के मुताबिक नहीं आई थी। परिवार के अनुसार, एंट्रेंस एग्जाम में छात्र की रैंक 10,474 आई थी। कम रैंक आने की वजह से छात्र को पसंद का कॉलेज नहीं मिल पाया, जिस वजह से वह बेहद दुखी था।
पुलिस ने की जांच
पुलिस की जांच के अनुसार, छात्र शाम को लगभग 7:30 बजे साइकिल चलाने के बहाने घर से बाहर गया था। इसके बाद उसने परिवार के व्हाट्सऐप ग्रुप पर मैसेज भेजा और फोन बंद कर दिया। जब परिवार वालों ने मैसेज पढ़े तो वे घबरा गए। परिवार ने पुलिस को पूरी जानकारी दी, ताकि छात्र को बचाया जा सके।
यह भी पढ़ें: 'शोर मत करो', कहते ही मणिपुर के म्यूजिशियन को पीट-पीटकर मार डाला, 7 गिरफ्तार
इसके बाद पुलिस छात्र की तलाश में जुट गई। पुलिस को छात्र एक बिल्डिंग के बाहर घायल अवस्था में मिला। पुलिस ने छात्र को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने इस मामले को लेकर जांच-पड़ताल की और छात्र के माता-पिता से भी बातचीत की थी।
