उत्तर प्रदेश के गौतम बुद्ध नगर जिले के नोएडा में हुए निठारी कांड में आरोपी रहे सुरेंद्र कोली ने 18 सितंबर को आत्महत्या कर ली। खबर आई थी कि हरिद्वार के सप्तऋषि क्षेत्र में एक चाय के दुकान  में सुरेंद्र कोली का शव मिला था। पुलिस इसे शुरुआती तौर पर आत्महत्या का मामला मान रही है। मृतक के भाई चंदन कोली ने हत्या का आरोप लगाते हुए जांच की मांग की है। चंदन का कहना है कि उसके भाई की मौत सामान्य परिस्थितियों में नहीं हुई है। 

 

निठारी कांड में पहले दोषी करार दिए गए सुरेंद्र कोली को बरी कर दिया गया था। वह 10 महीने पहले जेल से बाहर आ गया था। इस केस में मुख्य आरोपी रहे मनिंदर सिंह पंढेर को भी रिहा किया जा चुका है और वह भी जेल से बाहर है। 

 

यह भी पढ़ें: दिल्ली की वोटर लिस्ट से गायब अरविंद केजरीवाल का नाम? EC ने दिया जवाब

परिवार का आरोप

परिवार का कहना है कि जब उन्हें पता चला कि सुरेंद्र ने आत्महत्या कर ली है तब वह दुकान पर पहुंचे। उनका कहना है कि 20 सितंबर को जब उन्होंने उसका शव देखा तो, चेहरे और नाक-मुंह के पास खून के निशान थे। साथ ही गले में रस्सी बंधी हुई थी। इन निशानों को देखते हुए परिवार को शक है कि सुरेंद्र ने खुदकुशी नहीं की है बल्कि उसकी हत्या की गई है।

 

मृतक के भाई ने मीडिया से बातचीत में कहा कि शव की हालत देखकर साफ लगता है कि यह सुसाइड का मामला नहीं है। उन्होंने पुलिस से मांग की है कि मामले की गंभीरता से जांच की जाए। साथ ही कहा है कि अगर इसमें किसी की संलिप्तता पाई जाती है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई हो। 

 

यह भी पढ़ें: 6 साल से अटकी मांग, फिर सड़कों पर उतरेंगे सोनम वांगचुक, चाहते क्या हैं?

पुलिस ने दी जानकारी

पुलिस का कहना है कि मामला अभी शुरुआती जांच के दौर में है। सर्कल ऑफिसर (CO) शिशुपाल सिंह नेगी ने बताया कि पहली नजर में यह मामला खुदकुशी का ही प्रतीत होता है,  लेकिन मौत की असली वजह का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चलेगा। 

 

फिलहाल पुलिस आसपास के इलाकों और चाय की दुकान के पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।  पुलिस ने कहा कि घटना से पहले की पूरी स्थिति और घटनाक्रम को समझा जा सके।