तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने ऐतिहासिक फैसला लिया है। सरकार ने राज्य में पुरुष सरकारी कर्मचारियों के लिए 15 दिन की पैटरनिटी लीव शुरू करने का एलान किया है। तमिलनाडु में पहली बार पुरुष कर्मचारियों को बच्चे के जन्म पर छुट्टी देने का फैसला लिया गया है। सरकारी आदेश के अनुसार, पुरुष कर्मचारी बच्चे के जन्म से 15 दिन पहले या जन्म के बाद 6 महीने के अंदर यह छुट्टी ले सकेंगे।
अब तक तमिलनाडु सरकार में केवल महिला कर्मचारियों को मैटरनिटी लीव मिलती थी। बता दें कि तमिलनाडु में महिलाओं की 365 दिन की मैटरनिटी लीव मिलती है। लेकिन पुरुष कर्मचारियों के लिए ऐसी कोई सुविधा नहीं थी। विजय सरकार ने यह फैसला सरकारी कर्मचारियों की मांग के बाद लिया है।
महिलाओं को कब से मिल रही है 365 दिन की छुट्टी?
तमिलनाडु में महिला सरकारी कर्मचारियों के लिए मैटरनिटी लीव की अवधि धीरे-धीरे बढ़ाई गई है। साल 2011 में इसे 90 दिन से बढ़ाकर 6 महीने किया गया था। 2016 में यह अवधि 9 महीने कर दी गई थी। इसके बाद जुलाई 2021 में इसे बढ़ाकर 365 दिन कर दिया गया।
बता दें कि सरकार की इस योजना का फायदा केवल उन्हीं नियमित महिला कर्मचारियों को मिलता था। जिनके दो से कम बच्चे थे। वहीं दो या इससे ज्यादा जीवित बच्चों वाली महिला कर्मचारियों को पहले सिर्फ 12 हफ्ते की छुट्टी मिलती थी।
यह भी पढ़ें: बाल दिवस पर तमिलनाडु के 61 लाख बच्चों को मिलेगा केक, CM विजय ने दिए ₹9.27 करोड़
तीसरे बच्चे पर भी मिलेगी 365 दिन की मैटरनिटी लीव
विजय सरकार ने इस साल अगस्त में महिला कर्मचारियों को लेकर एक और फैसला किया था। इसके तहत तीसरे बच्चे के जन्म पर भी महिला कर्मचारियों को 12 हफ्ते की जगह 365 दिन की मैटरनिटी लीव देने का ऐलान किया गया था। अब पुरुष कर्मचारियों के लिए 15 दिन की पैटरनिटी लीव शुरू होने से राज्य सरकार के कर्मचारियों को बच्चे के जन्म के समय परिवार के साथ रहने की एक नई सुविधा मिलेगी।
बता दें कि भारत में सबसे ज्यादा पैटरनिटी लीव सिक्किम में मिलती है। सिक्किम सरकार अपने पुरुष कर्मचारियों को एक महीना यानी कि 30 दिनों की छुट्टी देती है।
