तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) के संस्थापक सी. जोसेफ विजय ने रविवार को तमिलनाडु के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। तमिलनाडु के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने उन्हें जवाहरलाल नेहरू इनडोर स्टेडियम में सुबह 10 बजे एक भव्य समारोह में पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। उन्होंने तमिल भाषा में शपथ ली है। 

तमिलनाडु में यह पहली बार हो रहा है, जब राज्य में पहली बार किसी गैर-द्रविड़ दल ने अपनी सरकार बनाई है। विजय के मुख्यमंत्री बनते ही ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कझगम (AIADMK) और द्रविड़ मुनेत्र कझगम (DMK) के ऐतिहासिक वर्चस्व का अंत हो गया है।

विजय के मंत्रिमंडल में किसे मिली जगह?

राजेंद्र आर्लेकर ने विजय के नए मंत्रिमंडल को भी शपथ दिलाई है। उनके साथ मंत्रिमंडल में बुस्सी एन आनंद, आधव अर्जुन, के ए सेंगोट्टैयन, एस कीर्तना के अलावा के जी अरुणराज, पी वेंकटरमणन, सी टी आर निर्मल कुमार, ए राजमोहन और के टी प्रभु को कैबिनेट में हिस्सेदारी मिली है।

अब आगे क्या होगा?

विजय के सामने चुनौती यह है कि उन्हें 13 मई या उससे पहले विधानसभा में विश्वास मत के जरिए अपना बहुमत साबित करना होगा। अब उनके पास, तमिलनाडु विधानसभा में बहुमत के आंकड़े 118 से ज्यादा समर्थन हासिल है। कांग्रेस, लेफ्ट और वीसीके के साथ आने के बाद, विजय ने बहुमत का आंकड़ा छू लिया।