उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में वसुंधरा पुलिस चौकी के अंदर शुक्रवार रात जोरदार धमाका हुआ। इस धमाके की जिम्मेदारी तहरीक-उल-मुजाहिदीन ने लेने का दावा किया है। धमाके की इंटेंसिटी इतनी अधिक थी कि चौकी की खिड़कियों के शीशे टूट गए। दीवार में दरार आ गई और चौकी में लगे AC की बाहरी सतह भी काली पड़ गई। शुरुआती जांच में AC यूनिट में विस्फोट होने की आशंका जताई गई थी। हालांकि, पुलिस ने अभी धमाके की असली वजह की पुष्टि नहीं की है। घटना के समय चौकी में एक सब-इंस्पेक्टर और डिलीवरी बॉय मौजूद थे। धमाके के दौरान टूटे शीशे के टुकड़े लगने से डिलीवरी बॉय घायल हो गया। उसे इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है। सब-इंस्पेक्टर को कोई चोट नहीं आई है।

 

धमाके की सूचना मिलने के बाद एडिशनल सीपी राज करण नायर और इंदिरापुरम के एसीपी सूर्यबली मौर्य मौके पर पहुंचे। उनके साथ फॉरेंसिक टीम भी घटनास्थल पर पहुंची। टीम ने चौकी के अंदर और आसपास जांच की और जरूरी नमूने जुटाए। बम निरोधक दस्ते ने भी मौके पर जांच की। धमाके के बाद पुलिस चौकी में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। जांच एजेंसियां धमाके की वजह के साथ-साथ जिम्मेदारी लेने के दावे की भी पड़ताल कर रही हैं।

 

तहरीक-उल-मुजाहिदीन ने ली जिम्मेदारी

गाजियाबाद की वसुंधरा पुलिस चौकी में हुए धमाके को लेकर तहरीक-उल-मुजाहिदीन की ओर से जिम्मेदारी लेने का दावा सामने आया है। पुलिस और जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि धमाके के पीछे कौन था और इसका मकसद क्या था। जिम्मेदारी लेने के दावे की भी जांच की जा रही है।

 

यह भी पढ़ें: बिहार में अपराधी बेखौफ, दरभंगा में गश्त कर रहे ASI को मारी गोली

 

शुरुआती जांच में पुलिस चौकी में लगे AC में विस्फोट होने की आशंका जताई गई थी। हालांकि, स्थानीय लोगों ने चौकी में जब्त करके रखे गए पटाखों में विस्फोट होने की आशंका भी जताई। पुलिस अधिकारियों ने पटाखों में धमाका होने की बात से इनकार किया है। डीसीपी ऋजुल के मुताबिक, धमाके के बाद फायर ब्रिगेड, फॉरेंसिक टीम और बम निरोधक दस्ते ने मौके पर पहुंचकर जांच की। पुलिस का कहना है कि धमाका किस चीज से हुआ, इसका पता जांच के बाद ही चल सकेगा।

 

यह भी पढ़ें: अवैध नकदी: भारत-नेपाल सीमा पर नकदी का खेल, 44 लाख रुपये के साथ दो गिरफ्तार

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

पुलिस चौकी के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि धमाके से पहले चौकी के अंदर और आसपास क्या गतिविधियां हुई थीं। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से नमूने जुटाकर जांच के लिए भेजे हैं। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।