बिहार अब सिर्फ किसानों और मजदूरों के लिए नहीं, बल्कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और टेक्नोलॉजी के लिए भी जाना जाएगा। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की मौजूदगी में लोक सेवक आवास स्थित संकल्प सभागार में सूचना प्राविधिक विभाग और AI कंपनी टाइगर एनालिटिक्स इंडिया कंसल्टिंग प्राइवेट लिमिटेड के बीच एक बड़ा समझौता (MOU) हुआ। 

 

इस समझौते के तहत बिहार में AI एवं मशीन लर्निंग आधारित ग्लोबल डिलीवरी सेंटर की स्थापना की जाएगी। इसके तहत साल 2027 तक इस सेंटर को स्थापित करने का प्रस्ताव है। इसके माध्यम से राज्य के लगभग 200 युवाओं के लिए उच्च कौशल एवं रोजगार के अवसर बनेंगे।

 

यह भी पढ़ें: '16 दिसंबर तक बांग्लादेश पर कब्जा कर लेंगे', बंगाल के मंत्री अर्जुन सिंह का दावा

युवाओं को क्या फायदा होगा?

ग्लोबल डिलीवरी सेंटर में बिहार के युवा देश-विदेश की बड़ी कंपनियों के लिए AI और डेटा एनालिटिक्स पर काम करेंगे। यहां मशीन लर्निंग, डेटा साइंस, AI मॉडल डेवलपमेंट, बिजनेस एनालिटिक्स जैसे नए तरीके के काम होंगे। अभी तक बिहार के युवाओं को इस तरह की नौकरियों के लिए बेंगलुरु, हैदराबाद, पुणे या दिल्ली जाना पड़ता था। लेकिन अब उन्हें अपने ही राज्य में अंतरराष्ट्रीय स्तर की नौकरी मिलेगी। कंपनी युवाओं को ट्रेनिंग भी देगी, ताकि वे ग्लोबल प्रोजेक्ट्स पर काम करने के लिए तैयार हो सकें। इससे बिहार में टेक्नोलॉजी का नया माहौल बनेगा।

 

बिहार बनेगा देश का प्रमुख AI इकोसिस्टम हब

इस महत्वाकांक्षी परियोजना का मुख्य उद्देश्य बिहार को देश के प्रमुख AI इकोसिस्टम हब के रूप में विकसित करना है। इसके माध्यम से राज्य के छात्र-छात्राओं, युवाओं, तकनीकी पेशेवरों तथा सरकारी अधिकारियों को इसके क्षेत्र में अच्छी ट्रेनिंग और कौशल विकास का अवसर मिलेगा। सीएम ने कहा कि बिहार में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। बस उन्हें सही मंच और अवसर देने की जरूरत है। यह सेंटर बिहार के युवाओं को वह मंच देगा। सरकार चाहती है कि आने वाले समय में बिहार AI के क्षेत्र में देश के अग्रणी राज्यों में शामिल हो।

सभी को मिलेगा AI ट्रेनिंग

इस MOU के तहत केवल रोजगार ही नहीं बल्कि प्रशिक्षण पर भी विशेष फोकस होगा। राज्य के इंजीनियरिंग कॉलेजों, यूनिवर्सिटी और तकनीकी संस्थानों के छात्रों को ट्रेनिंग दी जाएगी। इसके अलावा सरकारी अधिकारियों को भी AI के इस्तेमाल के बारे में बताया जाएगा, ताकि सरकारी योजनाओं को और बेहतर तरीके से लागू किया जा सके। इससे बिहार में एक बड़ा AI टैलेंट पूल तैयार होगा। विशेषज्ञों का कहना है कि यदि यह प्रोजेक्ट सफल हुआ तो आने वाले समय में कई और बड़ी टेक कंपनियां भी बिहार में निवेश करेंगी।

टाइगर एनालिटिक्स का बैकग्राउंड

टाइगर एनालिटिक्स एक ग्लोबल AI और एनालिटिक्स कंपनी है, जो दुनिया की बड़ी कंपनियों के लिए काम करती है। कंपनी ने बिहार को इसलिए चुना, क्योंकि यहां टैलेंटेड युवा बड़ी संख्या में हैं और सरकार भी टेक्नोलॉजी को बढ़ावा दे रही है। कंपनी के अधिकारियों का कहना है कि बिहार में काम शुरू करने से उन्हें अच्छे युवा मिलेंगे और राज्य के युवाओं को ग्लोबल एक्सपोजर मिलेगा। यह बिहार के लिए बड़ी उपलब्धि है कि एक अंतरराष्ट्रीय कंपनी ने यहां निवेश का फैसला किया है। बिहार के युवाओं को रोजगार के लिए बाहर जाना पड़ता था। इस तरह के सेंटर खुलने से पलायन पर लगाम लगेगी। पटना में इस सेंटर के खुलने से आसपास के इलाकों में भी रोजगार के नए अवसर बनेंगे। होटल, ट्रांसपोर्ट, हॉस्टल, कोचिंग जैसे कई छोटे व्यवसायों को भी फायदा होगा।

 

यह भी पढ़ें: जामा मस्जिद पुलिस स्टेशन में पुलिसकर्मियों पर हुए हमले का CCTV फुटेज आया सामने

सरकार की पॉलिसी का असर

पिछले कुछ महीनों में बिहार सरकार ने IT और स्टार्टअप को बढ़ावा देने के लिए कई योजनाएं शुरू की हैं। सरकार ने IT पॉलिसी को आसान बनाया है, जिससे निवेशकों का भरोसा बढ़ा है। टाइगर एनालिटिक्स के साथ हुआ यह MOU उसी का परिणाम है। सीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि इस प्रोजेक्ट को समय पर पूरा किया जाए और कंपनी को हर तरह की सुविधा दी जाए।