उत्तर प्रदेश के जिला वाराणसी में दिवाली की खरीदारी कराने के बहाने एक शिक्षक पर अपनी 20 वर्षीय छात्रा के साथ दुष्कर्म करने का गंभीर आरोप लगा है। छात्रा की हालत बिगड़ने और भारी रक्तस्राव होने पर आरोपी शिक्षक घबरा गया और उसे आनन-फानन में अस्पताल लेकर पहुंचा। चिकित्सकों ने छात्रा की गंभीर हालत को देखते हुए उसके परिजनों को सूचना दी। अस्पताल पहुंची मां ने बेटी की हालत देखकर पुलिस को बुला लिया। शिकायत के बाद चेतगंज पुलिस ने आरोपी शिक्षक को गिरफ्तार कर लिया है। छात्रा को प्राथमिक उपचार के बाद दूसरे अस्पताल में रेफर किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मामला वाराणसी के कोतवाली थाना क्षेत्र की रहने वाली 20 वर्षीय युवती से जुड़ा है। छात्रा शहर के आर्यकन्या डिग्री कॉलेज में स्नातक तृतीय वर्ष में पढ़ती है। कॉलेज के करीब 40 वर्षीय शिक्षक से उसकी जान-पहचान थी। आरोपी शिक्षक चेतगंज क्षेत्र में किराये के मकान में रहता है।जानकारी के मुताबिक, गुरुवार को शिक्षक ने छात्रा को फोन कर दिवाली की खरीदारी कराने के लिए बाजार चलने को कहा। छात्रा ने इसकी जानकारी अपने घर पर दी और दोपहर करीब तीन बजे खरीदारी के लिए निकल गई। दोनों वाराणसी के स्मार्ट बाजार पहुंचे, जहां कपड़े, घरेलू सामान और उपहार से जुड़ी वस्तुओं की खरीदारी की। इसके बाद दोनों ने बाहर खाना खाया और शिक्षक के किराये के कमरे पर पहुंच गए।
यह भी पढ़ें: आधी रात को आग का तांडव, जिंदा जले बुजुर्ग दंपती; बचने का नहीं मिला मौका
कमरे पर पहुंचने के बाद दुष्कर्म का आरोप
आरोप है कि शिक्षक ने अपने कमरे पर छात्रा के साथ दुष्कर्म किया। इस दौरान छात्रा के शरीर के अंदरूनी हिस्से में गंभीर चोटें आईं और रक्तस्राव शुरू हो गया। छात्रा की हालत बिगड़ने पर शिक्षक घबरा गया।इसके बाद वह छात्रा को लेकर पास के एलांयस अस्पताल पहुंचा। वहां चिकित्सकों ने उसका प्राथमिक उपचार किया, लेकिन हालत में सुधार नहीं हुआ। छात्रा की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने परिजनों को अस्पताल बुलाया।
मां के सामने खुला पूरा मामला
छात्रा की मां अस्पताल पहुंचीं तो बेटी की हालत देखकर परेशान हो गईं। बताया जा रहा है कि शिक्षक ने शुरुआत में चोट लगने की वजह हादसा बताई, लेकिन चिकित्सकों ने छात्रा की मां को मामले की जानकारी दी।बेटी की गंभीर हालत देखकर मां ने अस्पताल में हंगामा किया और पुलिस को सूचना दी। इसके बाद चेतगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी शिक्षक को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
यह भी पढ़ें: कानपुर में BJP की रैली में फंसी एंबुलेंस, सिपाही की तड़प-तड़पकर मौत
गंभीर हालत में दूसरे अस्पताल रेफर
चिकित्सकों ने छात्रा की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे दूसरे अस्पताल में रेफर कर दिया। वहीं, पुलिस आरोपी शिक्षक को थाने ले जाकर पूछताछ कर रही है। मामले से जुड़े साक्ष्य जुटाने के लिए पुलिस सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है।वाराणसी की इस घटना ने शिक्षक और छात्र के रिश्ते को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। छात्रा की पहचान गोपनीय रखी गई है।
