दिल्ली के तुगलकाबाद में एक पांच मंजिला बिल्डिंग में आग लगी थी, जिसकी वजह से एक परिवार के 3 लोगों की मौत हो गई। पुलिस की शुरुआती जांच में यह केवल एक हादसा लग रहा था लेकिन अब इस केस में नया मोड़ आ गया है। बताया जा रहा है कि आग लगने से कुछ सेकंड पहले एक महिला बिल्डिंग में घुसी थी, जिससे यह अंदाजा लगाया जा रहा है कि आग लगाई गई हो सकती है। पुलिस के मुताबिक, आग लगने से कुछ सेकंड पहले एक नकाबपोश महिला बिल्डिंग में घुसी थी, जो आग लगने के बाद बिल्डिंग से बाहर निकल गई।

 

पुलिस ने संदिग्ध महिला को सीसीटीवी फुटेज में देखा है। पुलिस आरोपी महिला के बारे में जानकारी इकट्ठी कर रही है। इस मामले को लेकर पुलिस अधिकारी हेमंत तिवारी ने कहा, 'इस वक्त हम यह नहीं बता सकते कि अनजान महिला बिल्डिंग में क्यों घुसी थी। इसकी वजह जानने के लिए जांच-पड़ताल की जा रही है।'

 

यह भी पढ़ें: फर्जी डिग्री पर बनी नौकरी की नींव हिली, मुजफ्फरपुर के दो शिक्षकों पर हुआ FIR

 

परिवार के तीन लोगों ने गंवाई जान

तुगलकाबाद की एक बिल्डिंग में लगभग 2:30 बजे आग लगी थी। इस भीषण आग में 70 साल की सुशीला देवी, उनकी 20 साल की पोती सोनी और 28 साले के पोते पंकज की मौत हो गई, जबकि परिवार के बाकी दो सदस्य गुड्डी देवी और मणि घायल हुए थे, जो अब खतरे से बाहर हैं। पुलिस की शुरुआती जांच में इस घटना को हादसा माना जा रहा था। पुलिस का मानना था कि बिल्डिंग के पार्किंग एरिया में शॉर्ट सर्किट की वजह से आग लगी थी।

 

यह भी पढ़ें: पार्सल के बहाने डिप्टी सीएम विजेंद्र को दी धमकी, फोन पर गाली-गलौज से मचा हड़कंप

 

पुलिस को CCTV में दिखी महिला

 

पुलिस ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज में एक महिला अपना चेहरा ढककर बिल्डिंग में घुसती दिखाई दे रही है। वह रात करीब 2 बजकर 23 मिनट पर बिल्डिंग के अंदर गई थी। इसके कुछ ही सेकंड बाद बिल्डिंग के पार्किंग एरिया से आग की लपटें उठती दिखाई दीं। इसके बाद वह अनजान महिला पार्किंग एरिया से बाहर भाग गई। पुलिस अब तक उस महिला की पहचान नहीं कर पाई है। उसकी पहचान और घटना के कारणों का पता लगाने के लिए आगे की जांच-पड़ताल की जा रही है।