तृणमूल कांग्रेस और शिवसेना (उद्धव बाला साहब ठाकरे) में टूट के बाद से ही समाजवादी पार्टी को लेकर तरह-तरह की चर्चा हो रही है। भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के सहयोगी दलों ने तो समाजवादी पार्टी के सांसदों के टूटने का भी दावा कर दिया। दावा करने वालों में सबसे आगे रहे ओम प्रकाश राजभर को अब सपा के सांसद राजीव राय ने लीगल नोटिस भेजा है। राजीव राय ने यह भी कहा है कि सपा का कोई भी सांसद नहीं टूट रहा है। उन्होंने बीजेपी में टूट की ओर इशारा करते हुए कहा कि अगर सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव कह दें तो समाजवादी पार्टी का हर सांसद बीजेपी के 3 से 5 विधायकों को तोड़कर ला सकता है।

 

ओम प्रकाश राजभर ने दावा किया था कि समाजवादी पार्टी के सांसद बलिया के एक नेता की अगुवाई में बगावत करेंगे। ऐसे ही दावे संजय निषाद ने भी किए थे। यूपी के डिप्टी सीएम और बीजेपी के वरिष्ठ नेता केशव प्रसाद मौर्य ने तो यहां तक कह दिया था कि सपा के 20-25 सांसद टूटने को तैयार बैठे हैं लेकिन बीजेपी को उनकी जरूरत ही नहीं है। इसी मामले को लेकर अब समाजवादी पार्टी के सांसद राजीव राय भड़क गए हैं। उनका कहना है कि ओम प्रकाश राजभर ने उनका नाम लिया इसलिए अब वह राजभर को कानूनी नोटिस भेज रहे हैं।

 

यह भी पढ़ें: कौन हैं भरत यादव और चंद्रपाल यादव? मोहन यादव केस में सपा से जुड़ा लिंक

राजभर पर भड़क गए राजीव राय

घोसी के सांसद राजीव राय ने ओम प्रकाश राजभर पर कहा है, 'इस फर्जी आदमी का नाम आप बार-बार क्यों लेते हैं? मैंने कल ही अपने वकील से मिलकर लीगल नोटिस भेजा है। मैंने बोला कि अमित शाह ने डांटकर भगा दिया और कहा कि तुमने घोसी उपचुनाव का ठेका लिया और वहां बड़ी हार मिली। लोकसभा चुनाव में अपने बेटे को टिकट दिलाया, वहां बड़ी हार मिली। कहीं जिता नहीं पाते हो तो उल्टा-सीधा बोला। मैंने इसीलिए लीगल नोटिस भेजा है।'

 

यह भी पढ़ें: लोकल ट्रेन का गेट बंद करने को लेकर हुआ झगड़ा, चाकू मारकर ले ली जान

राजीव राय ने आगे कहा, 'आप लिखकर रख लो कि हमारा एक सांसद भी नहीं जाएगा लेकिन अगर राष्ट्रीय अध्यक्ष जी कह दें तो हर सांसद बीजेपी का कम से कम 5 विधायक लेकर चला आएगा। इस फर्जी आदमी की बातों का क्या कहें। पूछो इनके साथ इनके विधायक हैं? एक MLC हैं, उनको भी धकिया के बाहर कर दिया गया। रोज घूमकर बेचारे रो रहे हैं कि सरकारी कार्यक्रम से उनको हटा दिया और उनका अपमान हुआ। इनसे जब पत्रकारों ने पूछा तो खी खी खी कर दिए। ऐसे फर्जी आदमी की बात मत किया करिए। अभी लीगल नोटिस भेजा है, केस भी करूंगा।'