हरियाणा के गुरुग्राम के बाद उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में हिट एंड रन का मामला सामने आया है। एक तेज रफ्तार कार ने अंधेरे में एक युवक को जोरदार टक्कर मारने के बाद चालक फरार हो गया। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हुआ। घटना 5 सितंबर की तड़के चार बजे की है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक युवक को पैर में फ्रैक्चर और एक हाथ में चोट आई है। रीढ़ की हड्डी का ऑपरेशन भी करना पड़ा। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चालक को गिरफ्तार कर लिया है। टाटा पंच कार को जब्त भी कर लिया।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक 5 सितंबर को हिमांशु राय का जन्मदिन था। वह अपनी पत्नी ज्योति के साथ केक लेने गया था। हिमांशु जब केक लेकर लौट रहा था। तभी तेज रफ्तार कार ने उसे टक्कर मार दी। यह घटना रोड किनारे खड़ी हिमांशु की कार में लगे डैशकैम में रिकॉर्ड हो गई। हादसे के करीब 10 दिन बाद सोशल मीडिया पर यह वीडियो वायरल हुआ।
यह भी पढ़ें: 'बीवी की गुलामी करने वाला अच्छा मर्द', मुसलमानों से ऐसा क्यों कहने लगे ओवैसी?
ज्योति ने बताया कि हादसास्थल पर लोगों की भीड़ लग गई। किसी तरह हिमांशु को अस्पताल पहुंचाया गया। उधर, सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने टाटा पंच कार को ट्रेस करके जब्त किया और चालक प्रियांशु अवस्थी को गिरफ्तार किया। यह घटना बिसरख थाना क्षेत्र के एक मूर्ति गोलचक्कर के पास की है। हिमांशु अपनी पत्नी के साथ वैदपुरा एक्सटेंशन विला में रहते हैं। दोनों एक अमेरिकन कंपनी में नौकरी करते हैं।
यह भी पढ़ें: मेजर भूपिंदर सिंह ढिल्लों ही नहीं बल्कि कई भाई-भाई पंजाब में आपस में लड़ रहे
हादसे में घायल हिमांशु ने बताया, '5 तारीख को मेरा जन्मदिन था, इसलिए काम के बाद मैं अपनी पत्नी के साथ बाहर गया था। एक मूर्ति चौक पर सड़क पार करते समय एक टाटा पंच बहुत तेज और लापरवाही से चलाई जा रही थी। कार ने मुझे 100 किमी से अधिक की रफ्तार से टक्कर मारी और भाग निकली। कार के चलाने की तरीके से मुझे लगा कि ड्राइवर शायद शराब के नशे में था।'
