महाराष्ट्र के नागपुर में सिम्बायोसिस लॉ कॉलेज में एक प्रोफेसर के आपत्तिजनक संदेश पर हंगामा मच गया। विश्व हिंदू परिषद (VHP) ने मामले की शिकायत कॉलेज प्रबंधन से की। कई संगठनों और छात्रों ने शनिवार को ही कैंपस गेट के सामने विरोध प्रदर्शन किया। मामला बढ़ते देख कॉलेज प्रबंधन ने प्रोफेसर को छुट्टी पर भेज दिया। अब एक समिति पूरे मामले की जांच कर रही है।
नागपुर पुलिस का कहना है कि अभी तक किसी ने मामले की शिकायत नहीं दी है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक शनिवार सुबह कुछ लोगों ने कैंपस के बाहर अपना विरोध जताया। इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक प्रोफेसर ने कथित रूप से छात्रा को अनुचित संदेश भेजे, उन्हें इस्लाम का पालन करने और कुरान पढ़ने को प्रेरित किया।
यह भी पढ़ें: अफगानिस्तान में तालिबान के 5 साल, घरों में कैद महिलाएं, भूख से बेहाल आम अफगानी
छात्रा के पिता पहुंचे कॉलेज
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक संदेशों की जानकारी मिलने पर छात्रा के पिता कॉलेज पहुंचे। यहां प्रोफेसर और पिता के बीच बहस हुई। बाद में छात्रा के पिता ने विश्व हिंदू परिषद से संपर्क साधा और मामले की पूरी जानकारी दी। इसके बाद वीएचपी ने कॉलेज प्रबंधन के सामने मुद्दा उठाया और नागपुर पुलिस आयुक्त से इस संबंध में संपर्क किया।
प्रोफेसर को छुट्टी पर भेजा गया
नागपुर टुडे से बातचीत में सिम्बायोसिस लॉ स्कूल के निदेशक डॉ. सुखविंदर सिंह दारी ने बताया कि आंतरिक जांच के परिणाम आने तक प्रोफेसर को छुट्टी पर भेज दिया गया है। उन्होंने जांच होने तक परिसर में न आने और शैक्षणिक गतिविधियों में हिस्सा न लेने का निर्देश दिया गया।
यह भी पढ़ें: नशे में धुत सड़क पर पड़ी मिलीं महराह अल नाहयान, शाही परिवार से क्या कनेक्शन है?
पुलिस बोली- परिसर में शांतिपूर्ण स्थिति
उधर, पुलिस का कहना है कि कॉलेज परिसर में कानून-व्यवस्था से संबंधित कोई समस्या नहीं आई है। शांतिपूर्ण स्थिति बनी हुई है। पुलिस ने लोगों से अफवाहों से बचने की अपील की है। शनिवार को ही विश्वविद्यालय की जांच समिति ने करीब 100 छात्रों के साथ एक खुली बैठक की। इसके अलावा शिकायतकर्ता समेत लगभग 7 छात्रों के प्रतिनिधिमंडल को विश्वविद्यालयों अधिकारियों से मिलने की अनुमति भी दी गई।
