बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप इन दिनों सुर्खियों में हैं। वह बिहार की राजनीति के बजाय अपनी पर्सनल लाइफ की वजह से चर्चा का केंद्र बने हुए हैं। इसी बीच अनुष्का यादव के भाई आकाश यादव ने उनके खिलाफ कोर्ट में मुकदमा दर्ज कराया है। आकाश का आरोप है कि तेज प्रताप जबरदस्ती उनके घर में घुस आए थे और वह अनुष्का की बेटी उज्जैनी से मिलने आए थे। जब पूरे परिवार ने उनके घर आने का विरोध किया तो तेज प्रताप ने परिवार को धमकी दी थी। उसी रात आकाश यादव को एक व्यक्ति ने फोन कर धमकी दी, जिसने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का आदमी बताया था।

 

आकाश यादव का कहना है कि उनको 6 जून को फोन कॉल पर धमकियां मिली थीं। आकाश ने आरोप लगाया है कि पहले उन्होंने पुलिस में शिकायत की थी लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। इसी वजह से आकाश ने कोर्ट में मुकदमा दर्ज कराया। आकाश यादव ने तेज प्रताप पर गंभीर आरोप लगाए हैं, जिनके मुताबिक तेज प्रताप ने पूरे परिवार को धमकी दी थी कि अगर उन्हें उज्जैनी से नहीं मिलने दिया गया तो वह उज्जैनी को किडनैप करवा देंगे।

 

यह भी पढ़ें: बस्तर को नक्सलमुक्त बनाने वाले IPS सुंदरराज NIA में बन गए IG

 

आकाश यादव का क्या है दावा?

आकाश यादव के मुताबिक, तेज प्रताप 6 जून को अपने पीए मोतीलाल यादव के साथ उनके घर में घुस गए थे। जब आकाश की बहन और मां ने घर का गेट नहीं खोला तो उन्होंने शौचालय जाने का बहाना बनाया, जिसके बाद वह घर के अंदर चले गए। आकाश ने यह भी दावा किया कि तेज प्रताप अक्सर उनके घर आते थे और डर के कारण पूरा परिवार उन्हें घर में आने देता था।

 

6 जून को आकाश ने तेज प्रताप के पीए मोतीलाल को फोन कर विरोध जताया था, जिस पर तेज प्रताप ने कहा था कि अगर उन्हें उज्जैनी से मिलने से रोका गया तो वह उज्जैनी को किडनैप करवा देंगे। साथ ही मोतीलाल ने इस बात को किसी को न बताने की धमकी दी थी। इसके बाद आकाश के मुताबिक, एक विदेशी नंबर से फोन आया था और कहा गया था कि वह तेज प्रताप के खिलाफ पुलिस में शिकायत न करें, वरना उन्हें मार दिया जाएगा। इस घटना के बाद आकाश ने 10 जून को पटना के पुलिस थाने में एफआईआर दर्ज कराई थी।

 

यह भी पढ़ें: BSF के जवानों ने गैंगरेप करके चेहरे पर फेंका था तेजाब, अब मिली 42 साल की सजा

 

तेज प्रताप की लव लाइफ

बिहार विधानसभा चुनाव से पहले तेज प्रताप ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर अनुष्का के साथ एक फोटो पोस्ट की थी। साथ ही अपने रिलेशनशिप को सार्वजनिक किया था। हालांकि, बाद में तेज प्रताप ने दावा किया कि उनका सोशल मीडिया हैंडल हैक हो गया था और हैकर ने ही वह फोटो पोस्ट की थी। इसके बाद लालू यादव ने तेज प्रताप को राष्ट्रीय जनता दल से निकाल दिया था।