नासिक रेप केस मामले में गिरफ्तार ज्योतिषाचार्य अशोक खरात उर्फ कैप्टन के मामले में नए नए खुलासे हो रहे हैं। कहा जा रहा है कि उसके तमाम बडी राजनीतिक हस्तियों के साथ संपर्क थे। सोशल मीडिया पर इस तरह की तस्वीरें वायरल हो रही हैं जो कि दिखाती हैं कि वह कितना रसूख वाला आदमी था।

 

महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे से लेकर मौजूदा मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस तक के साथ उसकी फोटो सोशल मीडिया में वायरल हो रही है। कहा जा रहा है कि ये नेता खरात को अपना हाथ दिखाकर भविष्य के बारे में जानकारी लेते थे। सबसे ज्यादा चर्चा उस वीडियो की ही रही है जिसमें महाराष्ट्र राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष रूपाली चाकणकर उनके पैरों को धो रही हैं।

 

यह भी पढ़ेंः 58 महिलाओं से अश्लील हरकत, सबके वीडियो भी बनाए, कैसे पकड़ा गया नासिक का ज्योतिषी

 

रेप के लगे आरोप

इस वीडियो ने हड़कप  मच गया है। सोशल मीडिया पर खरात को कुछ लोग 'महाराष्ट्र का एपस्टीन' कह रहे हैं। खरात की पहचान सिर्फ एक ज्योतिषाचार्य तक ही सीमित नहीं थी उसके पास राज्य के तमाम बड़े व्यापारी, नेता और रसूख वालों का आना-जाना और उठना-बैठना था। तमाम लोग बड़े फैसले लेने से पहले उससे राय लेने के लिए आते थे। इसी वजह से उसका नेटवर्क काफी मजबूत हो गया था और पहुंच भी बढ़ती चली गई थी।

 

खरात पर जो रेप के आरोप लगे हैं उसकी जांच एक एसआईटी टीम कर रही है जिसका नेतृत्व आईपीएस अधिकारी तेजस्विनी सातपुते कर रही हैं। हालांकि, आधिकारिक तौर पर इस मामले में अभी तक ज्यादा जानकारी सामने नहीं आई है लेकिन पूछताछ जारी है।

महिला ने लगाए आरोप

इसी बीच शिरडी में एक और शिकायत सामने आई जिसमें आरोप लगाया गया कि उसकी आपत्तिजनक तस्वीर भेजकर उसे वायरल करने की धमकी दी गई और पैसे मांगे गए। इस मामले में खरात के ऑफिस से जुड़े नीरज जाधव का नाम सामने आया है।

 

करोड़ों की संपत्ति का मालिक

जांच में सामने आया है कि खरात करोड़ों की अकूत संपत्ति का मालिक भी है। सूचना के मुताबिक पिछले 15 सालों में उसने 200 करोड़ रुपये की संपत्ति बनाई। पाथर्डी, सिन्नर, मिरगांव, ओझर और शिरडी में उसकी तमाम जमीनें और संपत्तियां हैं। उसके परिवार के नाम पर भी करोड़ों की संपत्ति है।

 

जांच में यह भी पता चला है कि उसकी पाथर्डी गांव में करीब 30 एकड़ की संपत्ति है जिसकी कीमत करीब 150 करोड़ रुपये है। इसके अलावा नासिक जिले के सिन्नर तालुका के कहंदलवाड़ी मिरगांव में 45 एकड़ जमीन, 30 करोड़ रुपये से ज्यादा वैल्यू वाली परचेज डीड है। इसके अलावा पत्नी कल्पना, बेटी सृष्टि और तृप्तबाला के नाम से भी तमाम संपत्तियां दर्ज हैं। 10 करोड़ रुपये से ज्यादा कीमत के एक फॉर्महाउस की भी जांच की जा रही है।

 

यह भी पढ़ें: महाराष्ट्र में एग्जाम के दौरान सामूहिक रूप से हो रही थी नकल, 23 के खिलाफ FIR

 

पुलिस ने सभी 58 वीडियो को जब्त करके जांच कर रही है जो कि तमाम मशहूर महिलाओं और सेलिब्रिटी से जुड़े होने की संभावना जताई जा रही है।

 


पहले भी हुआ है विरोध

अंधविश्वास के खिलाफ काम करने वाली संस्थाओं ने पहले भी विरोध जताया था। उनका आरोप था कि आस्था का गलत इस्तेमाल करके लोगों को गुमराह किया जा रहा था। हालांकि, तब इन बातों पर ज्यादा ध्यान नहीं दिया गया लेकिन अब गिरफ्तारी के बाद इस मुद्दे ने काफी तूल पकड़ लिया है।