पंजाब के पटियाला में कर्नल कर्नल पुष्पिंदर सिंह बाठ और उनके बेटे पर हमले के मामले में नया मोड़ आ गया है। पंजाब पुलिस ने अब आरोपी इंस्पेक्टर हरजिंदर सिंह ढिल्लों के निलंबन को वापस ले लिया है। इस पर कर्नल पुष्पिंदर सिंह बाठ ने पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव को पत्र लिखकर बहाली वापस लेने की मांग की। उन्होंने पुलिस अधिकारियों की बहाली के अलावा उनकी तैनाती पर भी चिंता जताई और मुकदमा खत्म होने तक निलंबित रखने का अनुरोध किया। 

 

कर्नल पुष्पिंदर सिंह बाठ पटियाला की न्यू ऑफिसर्स कॉलोनी के रहने वाले हैं। मौजूदा समय में वह नई दिल्ली में स्थित कैबिनेट सचिवालय में तैनात हैं। अपने पत्र में कर्नल बाठ ने रोपड़ रेंज के डीआईजी नानक सिंह की अगुवाई में इंस्पेक्टर हरजिंदर सिंह ढिल्लों की तैनाती पर भी आपत्ति जताई। उनका कहना है कि घटना के वक्त नानक सिंह पटियाला के एसएसपी थे। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को बचाने की कोशिश की और मुकदमा लिखने में देरी की। 

 

यह भी पढ़ें: यौन शोषण का सच सामने लाने के लिए नार्को टेस्ट के लिए तैयार अविमुक्तेश्वरानंद

 

कर्नल पुष्पिंदर सिंह बाठ ने मुकदमा खत्म होने तक इंस्पेक्टर हरजिंदर सिंह ढिल्लों को निलंबित रखने की मांग की, ताकि वह मुकदमे को प्रभावित न कर सकें। डीआईजी नानक सिंह के अधीन इंस्पेक्टर हरजिंदर सिंह ढिल्लों की तैनाती पर भी आपत्ति जताई। उनका तर्क है कि इससे इंस्पेक्टर को बल मिलेगा।  उन्होंने किसी भी आरोपी की पटियाला और मोहाली जिले में तैनाती न करने का भी अनुरोध किया है। अपने पत्र में उन्होंने परिवार की सुरक्षा चिंताओं का भी जिक्र किया।

पार्किंग विवाद में हुआ था झगड़ा

पिछले साल 13-14 मार्च की रात पटियाला के राजिंदरा अस्पताल के नजदीक पार्किंग विवाद में कर्नल पुष्पिंदर सिंह बाठ और उनके बेटे पर हमला किया गया था। सादे कपड़े में पंजाब पुलिस के कर्मचारियों ने मारपीट को अंजाम दिया था। हमले में कर्नल पुष्पिंदर सिंह बाठ के एक हाथ में फ्रैक्टर हो गया था। बेटे को भी चोट आई थी।

सीबीआई कर रही मामले की जांच

सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद सेना ने मामले में हस्तक्षेप किया था। मगर पंजाब पुलिस ने मामला दर्ज करने में देरी की। बाद में हाई कोर्ट के आदेश पर मामले की जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) को सौंप दिया था। पंजाब पुलिस ने इंस्पेक्टर हरजिंदर सिंह ढिल्लों, हैरी बोपराई, रॉनी सिंह और शमिंदर सिंह समेत 12 पुलिस कर्मियों को निलंबित किया। दिसंबर में सीबीआई ने इन चारों इंस्पेक्टरों के खिलाफ मामला दर्ज किया।