उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में पुलिस और वकीलों के बीच सीधी भिडंत हो गई है। पुलिस के रुख पर भड़के वकीलों ने अब नई रणनीति बनानी शुरू कर दी है। हाई कोर्ट के आदेश के बाद वकीलों के चैंबर तोड़े जाने के बाद से ही वकील आक्रोशित हैं। अब बार काउंसिल ने कथित तौर पर वकीलों को 600 लाठियां बांट दी हैं। 

पुलिस और वकीलों में टकराव बढ़ने की वजह से अदालतों की कार्यवाही पर भी असर पड़ रहा है। इलाहाबाद हाई कोर्ट ने 72 चैंबर हटाने के आदेश दिए थे लेकिन कार्रवाई की गई तो 200 से ज्यादा चैंबर तोड़ दिए गए, अब वकील इसे लेकर भड़के हैं।

यह भी पढ़ें: 'ठाकुर हूं, BJP को कभी वोट नहीं दूंगा', बुलडोजर चलाए जाने पर वकील का एलान

वकीलों ने बांटी 600 लाठियां 

बार काउंसिल ने कथित तौर पर 600 लाठइयां बांटी हैं। अब सोशल मीडिया पर नई बहस छिड़ी है। वकीलों और पुलिस के बीच भड़के तनाव की वजह से आम जनता परेशान हो रही है। वकीलों का कहना है कि लाठी इसलिए बांटी जा रही है, जिससे पुलिस के हमलों से आत्मरक्षा की जा सके। सोशल मीडिया पर इससे जुड़े कई वीडियो वायरल हो रहे हैं।

हंगामे की शुरुआत क्यों हुई?

जिला अदालत के वकील बीते सोमवार से हड़ताल पर हैं। अधिवक्ता, न्यायिक कार्य का बहिष्कार कर रहे हैं। यह हड़ताल पुराने हाईकोर्ट के पास वकीलों के चैंबर तोड़ने के दौरान पुलिस की लाठीचार्ज की घटना के विरोध में किया जा रहा है।

रविवार को लखनऊ नगर निगम ने कैसरबाग स्थित जिला अदालत के बाहर चैंबरों की तोड़फोड़ की कार्रवाई की। इस दौरान वकीलों और पुलिस के बीच झड़प हो गई, जिसमें पुलिस ने वकीलों पर लाठीचार्ज किया।

 

यह भी पढ़ें: 'पुलिस FIR ही नहीं दर्ज कर रही...', वकील बनकर पहुंची ममता बनर्जी ने क्या कहा?

क्या चाहते हैं वकील?

सेंट्रल बार एसोसिएशन, ठाकुरगंज थाने के SHO ओमवीर सिंह और अन्य पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रही है। वकील चाहते हैं कि दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ सरकार सख्त कार्रवाई करे। 

डिस्क्लेमर: खबरगांव वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।