संजय सिंह, पटना: बिहार के रोहतास जिले के तिलौथू थाना क्षेत्र से सोमवार को एक ऐसा मामला सामने आया, जिसने इलाके में चर्चा का माहौल बना दिया। स्थानीय न्यू एरिया मोहल्ले की एक गली में एक युवक ने अपनी महिला मित्र की मांग में सरेआम सिंदूर भर दिया। पूरी घटना पास के एक मकान में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई। जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

 

घटना के बाद से इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। कुछ लोग इसे युवक-युवती के निजी संबंध से जुड़ा मामला बता रहे हैं। जबकि कई लोग सार्वजनिक जगह पर इस तरह की घटना को लेकर सवाल उठा रहे हैं। पुलिस को भी इस वायरल वीडियो की जानकारी मिल चुकी है।

 

यह भी पढ़ें: बेकाबू DTC बस ने ई-रिक्शा समेत कई गाड़ियों को रौंदा, 2 की मौत

बाइक पर युवक के साथ आई

जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह एक युवती अपने परिचित युवक के साथ बाइक से न्यू एरिया मोहल्ले में पहुंची थी। गली में बाइक रोकने के बाद दोनों कुछ देर तक आपस में बातचीत करते दिखाई दिए। CCTV फुटेज के मुताबिक बातचीत के दौरान अचानक युवक ने पीछे से युवती की मांग में सिंदूर भर दिया। यह सब इतनी तेजी से हुआ कि आसपास मौजूद लोगों को भी पहले समझ नहीं आया कि आखिर हुआ क्या है।

 

फुटेज में दिख रहा है कि दोनों सिंदूर लगाने के बाद कुछ देर वहीं खड़े रहते हैं, फिर अपनी बाइक पर निकल जाते हैं। घटना के कुछ देर बाद ही किसी ने CCTV वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर कर दिया। इसके बाद देखते ही देखते वीडियो अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर वायरल होने लगा और इलाके में चर्चा का विषय बन गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि गली में इस तरह की घटना पहली बार देखने को मिली है।

 

यह भी पढ़ें: MP में हाई कोर्ट ने कांग्रेस विधायक की सदस्यता निरस्त की, बीजेपी नेता बने MLA

नहीं की गई शिकायत

वायरल वीडियो सामने आने के बाद पुलिस भी मामले से अवगत हो गई है। डेहरी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO-2) वंदना मिश्रा ने बताया कि घटना की जानकारी पुलिस को मिली है लेकिन अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से थाने में लिखित आवेदन नहीं दिया गया है। उन्होंने कहा कि फिलहाल यह मामला दो व्यक्तियों के बीच का निजी मामला प्रतीत होता है।

SDPO ने साफ किया कि यदि किसी भी पक्ष की ओर से शिकायत दर्ज कराई जाती है तो पुलिस मामले की जांच कर उचित कानूनी कार्रवाई करेगी। साथ ही उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी घटना से जुड़ा वीडियो बिना सत्यापन के सोशल मीडिया पर प्रसारित न करें। क्योंकि इससे अफवाह फैलने की संभावना रहती है।