उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में 21 साल के युवक ने पांचवीं मंजिल से छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस के मुताबिक मृतक युवक का नाम सागर था। वह मानसिक तौर पर अस्थिर था। इमारत से छलांग लगाने से पहले उसका अपनी मां के साथ झगड़ा हुआ था। मां पर चाकू से हमले के बाद सागर ने पांचवीं मंजिल से छलांग लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली।

 

घटना ग्रेटर नोएडा के बिसरख थाना क्षेत्र की है। परिवार वालों ने पुलिस को बताया कि सागर की मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी। शनिवार को उसका अपनी मां से झगड़ा हो गया। उसने चाकू मारकर मां को घायल कर दिया। इसके बाद पांचवीं मंजिल में स्थित अपने फ्लैट से कूद गया। उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। 

 

यह भी पढ़ें: बिहार MLC चुनाव: 1 सीट पर बढ़ा सस्पेंस, चिराग और मांझी पर सबकी निगाह

अस्पताल में चल रहा मां का इलाज

पुलिस का कहना है कि सागर यादव अपने छोटे भाई और माता-पिता के साथ रहता था। शव को पोस्टमार्टम की खातिर भेजा गया है। दूसरी तरफ अस्पताल में उसकी मां का इलाज चल रहा है।

घरेलू सहायिका को जड़ा थप्पड़, केस दर्ज

ग्रेटर नोएडा में ही घरेलू सहायिका को धप्पड़ मारने का मामला सामने आया है। पुलिस के मुताबिक बीटा-2 थाना क्षेत्र स्थित एक सोसाइटी स्थित आवास में एक सहायिका काम करती थी। उसने मकान मालिक से एडवांस में पैसे की मांग की। मालिक ने पैसा दे भी दिया। मगर अगले दिन से महिला ने घर आना बंद कर दिया।

 

यह भी पढ़ें: 'तुझे ये जेल में डाल देंगे', अभिजीत दीपके ने बताया क्यों रो रही थी मां?

 

शख्स ने उसे एक अन्य फ्लैट में काम करते देख लिया। उसने सहायिका से एडवांस में ली गई रकम को वापस करने को कहा। इस पर दोनों के बीच विवाद बढ़ गया। आरोप है कि शख्स ने घरेलू सहायिका को थप्पड़ जड़ दिया। अब पुलिस ने सहायिका की शिकायत पर शख्स के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 115 (स्वेच्छा से चोट पहुंचाना) के तहत मामला दर्ज किया है।